रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राहुल गांधी पर अमर्यादित टिप्पणी करने के विरोध में सोमवार को कांग्रेसियों ने पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता का पुतला फूंका। कांग्रेसियों ने कहा कि गुप्ता को खुद में झांकना चाहिए और फिर कांग्रेस नेताओं पर टिप्पणी करनी चाहिए।
जींद के बस स्टैंड के बाहर पुतला जलाने से पहले आयोजित सभा में जिप सदस्य प्रकाश बोहतवाला समेत कार्यकर्ता अनिल जागलान, सुरेंद्र हुड्डा, प्रवीण ढिल्लों ने कहा कि पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता उम्र के इस पड़ाव पर आकर इस तरह की पारिवारिक टिप्पणी करते हैं। यह उन्हें शोभा नहीं देता। कल तक गुप्ता दीपेंद्र और राहुल गांधी का गुणगान करते थे। जागलान ने कहा कि राजनीति और परिवार को एक साथ नहीं मिलाया जा सकता है।
दीपेंद्र को लेकर जो टिप्पणी मांगेराम गुप्ता ने की है वह एकदम गैर जिम्मेदार है। जागलान ने कहा कि गुप्ता ने कुछ दिन पहले ही इनेलो ज्वाइन की है। लेकिन जो बयानबाजी गुप्ता कर रहे हैं, उसे तो इनेलो भी स्वीकार नहीं करती है। इनेलो के किसी भी नेता ने आज तक किसी भी दूसरे दल के नेता के बारे में पारिवारिक बयानबाजी नहीं की है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अगर मांगेराम गुप्ता ने कांग्रेस के दोनों नेताओं को लेकर की गई अशोभनीय टिप्पणी को लेकर माफी न मांगी तो कांग्रेस इसके खिलाफ पूरे प्रदेश में अभियान चलाएगी। नेताओं ने कहा कि गुप्ता पिछले एक साल में दो बार तो पार्टी बदल चुके हैं और अब भी पता नहीं कि वे इनेलो में कितने दिन और रहेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जो टिप्पणी मांगेराम गुप्ता ने रविवार को की है। इस प्रकार की एक दो और विवादित टिप्पणी कर दी तो इनेलो ने ही मांगेराम गुप्ता को चलता कर देगी। सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताआें ने बस स्टैंड के बाहर टी प्वाइंट पर मांगेराम गुप्ता का पुतला जलाया।
यह था मामला
पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता ने रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा था कि अगर किसी व्यक्ति को जनसंख्या नियंत्रण की सीख लेनी है तो वह रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी को अपना आदर्श बना सकता है।