नेशनल हाईवे पर स्थित टोल बैरियर की बढ़ी हुई कीमतों को लेकर इनेलो नेताओं ने शनिवार को जिला उपायुक्त अतुल कुमार को ज्ञापन सौंपा।
पलवल के विधायक सुभाष चौधरी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि टोल बैरियर की कीमतें कम की जाएं और आसपास के गांवों के लिए टोल फ्री किया जाए। आरोप है कि टोल बैरियर चलाने वाली कंपनी ने रेट मनमर्जी से बढ़ा दिए हैं। इसलिए बढ़ी कीमतें कम की जाएं और सड़क पर साफ-सफाई की व्यवस्था की जाए।
ज्ञापन सौंपने गए इनेलो नेताओं को गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। इसको लेकर नेताओं ने नारेबाजी की और पुलिसकर्मियों को भी खरीखोटी सुनाई।
ज्ञापन सौंपने वालों में होडल से विधायक व पूर्व मंत्री जगदीश नायर, पलवल से इनेलो विधायक सुभाष चौधरी, पंचायत समिति के पूर्व चेयरमैन दयाल शरण जेलदार, पूर्व विधायक रामरतन, पूर्व विधायक रामजीलाल डागर, जिलाध्यक्ष तुहीराम भारद्वाज, किसान सेल के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह, महिला जिलाध्यक्ष अनीता भारद्वाज, महावीर डागर, वरिष्ठ इनेलो नेता रतन सिंह सौरोत, जवाहर सिंह, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल, समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
इस मामले में जिला उपायुक्त ने बताया कि ज्ञापन राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को भेज दिया जाएगा क्योंकि मामले में प्राधिकरण ही कोई फैसला ले सकता है।