शहर के बस अड्डे पर नशे में धुत दिल्ली के जौंती गांव निवासी मंजीत छिक्कारा ने चौकी इंचार्ज सुरेंद्र को पीट पीटकर घायल कर दिया है।
युवक ने इससे पहले महिला से छेड़छाड़ भी की और सुपरवाइजर के कमरे में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस कर्मचारी को पीटता देखकर भी उसकी मदद को कोई आगे नहीं आया और लोग खड़े होकर तमाशा देखते रहे। काफी देर बाद रोडवेज कर्मचारियों ने उसे छुड़वाया और शहर थाना पुलिस को सूचना दी। शहर थाना पुलिस भी मुश्किल से ही युवक को काबू पर पाई और बाद में थाने ले जाकर हवालात में बंद कर दिया।
दिल्ली के जौंती गांव का युवक मंजीत छिक्कारा बस अड्डे पर बेरी माता भीमेश्वरी देवी के मंदिर जाने के लिए आया था, लेकिन शराब के नशे में धुत युवक ने यहां एक महिला से छेड़खानी शुरू कर दी। इसके बाद लोग उसे पकड़कर सुपरवाइजर के कमरे में ले गए, लेकिन होश हवास खोए युवक ने यहां जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। एसएस के दफ्तर का शीशा और कुर्सियां भी तोड़ दी। हंगामा बढ़ता देख रोडवेज बस के ड्राइवर बस अड्डा चौकी इंचार्ज सुरेंद्र को बुला लाए।
चौकी इंचार्ज सुरेंद्र ने जब नशे में धुत युवक को समझाना शुरू किया तभी आरोपी ने चौकी इंचार्ज पर हमला कर दिया। आरोपी ने चौकी इंचार्ज के मुंह पर मुक्का मारा और उसके बाद लात घूसों से उसकी पिटाई कर दी। पुलिस कर्मचारी पिटता रहा, लेकिन लोगों ने छुड़ाने की बजाय तमाशा देखना शुरू कर दिया। काफी देर बाद रोडवेज कर्मचारियों ने उसे छुड़वाया। घायल चौकी इंचार्ज सुरेंद्र ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।