दिल्ली से प्रेम विवाह करने के लिए भागे एक जोड़े की कार शुक्रवार को एनएच
आठ पर गढ़ी बोलनी चौक के निकट डिवाइडर से टकरा गई। इससे उसमें सवार
प्रेमी-प्रेमिका और उनका एक दोस्त घायल हो गया।
घायलों को शहर के ट्रामा सेंटर में लाया गया, जहां से युवती को गंभीर हालत के चलते पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया है।
गुड़गांव जिले के दाड़ौली गांव निवासी अमित और दिल्ली के हुमायुंपुर निवासी युवती एक-दूसरे से प्यार करते हैं। वीरवार रात अमित अपनी गाड़ी में
युवती को उसके घर से भगा ले आया। उनके साथ दोस्त हितेश भी गाड़ी में था। जयपुर की ओर जाते समय गढ़ी बोलनी चौक के निकट उनकी कार असंतुलित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
इस हादसे में कार में सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को शहर के ट्रामा सेंटर लाया गया। युवक अमित को पैर में फ्रेक्चर आया है, जबकि युवती की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है। वहीं, इस घटना के बारे में जानकारी मिलते ही युवक के परिजन तो ट्रामा सेंटर पहुंच गए, लेकिन युवती के परिवार के लोगों ने आने से मना कर दिया। युवक के परिवार के लोग ही युवती को लेकर पीजीआई गए हैं। पुलिस देर शाम तक मामले की कार्रवाई में जुटी थी।
इलाज के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचे युवक अमित और युवती के पास से उनके राशन कार्ड, मार्कशीट, वोटिंग कार्ड और अन्य कागजात मिले हैं। कागजात मिलने से साफ हो रहा है कि युगल घर से शादी रचाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया। अमित इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है और युवती नौकरी करती है।