प्रेम विवाह से गुस्साए युवती के परिजनों ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने युवती की सास का अपहरण कर उससे गाड़ी में दुराचार किया।
महिला पर तेजधार हथियारों चाकू आदि से हमला किया गया। आरोपी उसे मृत समझकर लिहाना गांव के पास पहाड़ियों मे फेंककर फरार हो गए। महिला को वहां काम कर रहे मजदूरों ने घायलावस्था में जयपुर के अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी जान बचाने के लिए एक पैर काटना पड़ा। युवती बिमला ने अपनी सास के साथ पिछले माह हुई इस ज्यादती की शिकायत एसपी पंकज नैन को दी और सभी फरार आरोपियों को पकड़ने का अनुरोध किया।
वहीं, उन्होंने पुलिस कर्मचारियों पर भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज करवाए कई सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक चार आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका है। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था।
अलवर की युवती ने कहा है कि चार महीने पहले अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ उसने एक युवक से शादी की थी। शादी के बाद दोनों रेवाड़ी के गांव में आकर बटाई पर खेती करने लगे थे।
17 सितंबर को उसके मायके वाले शम सात बजे के करीब गांव में हथियारों से लैस होकर आए और दोनों को पीटा। जाते हुए वे उसकी सास का अपहरण कर ले गए और उसके साथ दुराचार किया। तेजधार हथियारों से गहरे घाव किए गए, जिससे उनकी एक टांग काटनी पड़ी। नवविवाहिता जोड़ा अपनी मां के इलाज में लगा हुआ था, लेकिन पुलिस ने शिकायत के बावजूद सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। इस पर युवती ने बुधवार को एसपी से मिलकर शिकायत की।
युवती की शिकायत पर कार्रवाई करने के तत्काल आदेश दिए गए हैं। जल्द ही शेष आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
- पंकज नैन, एसपी, रेवाड़ी