हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए यमुनानगर जिले की व्यासपुर तहसील में हलका पटवारी के निजी सहायक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव फकीर माजरा, व्यासपुर निवासी नरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। आरोपी पर शिकायतकर्ता की कृषि भूमि का इंतकाल उसके नाम दर्ज कराने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसीबी यूनिट यमुनानगर को दी शिकायत में बताया कि हलका पटवारी संजीव कुमार का निजी सहायक नरेंद्र कुमार उसकी कृषि भूमि का इंतकाल दर्ज कराने के बदले 10 हजार रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले की जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए योजना तैयार की।
इसके बाद एसीबी की टीम ने व्यासपुर तहसील स्थित पटवारी कार्यालय में ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई।