पानीपत। जीटी रोड स्थित मलिक पेट्रोल पंप के सामने रविवार सुबह एक हादसे में अज्ञात युवक की मौत हो गई। युवक ग्रिल से कूदकर सड़क पार कर रहा था। इसी बीच चंडीगढ से दिल्ली की तरफ से जा रहे एक वाहन चालक ने उसे टक्कर मार दी और फरार हो गया। चांदनीबाग थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इसराना थानाक्षेत्र के पलडी गांव निवासी राजवीर ने बताया कि वह मलिक पेट्रोल पंप के पास प्रदूषण केंद्र जांच केंद्र पर नौकरी करता है। रविवार सुबह करीब 36 वर्षीय युवक ग्रिल से कूदकर जीटी रोड पर फ्लाईओवर पहुंचा। वह सेक्टर 25 की तरफ जा रहा था। युवक फ्लाईओवर पर दिल्ली-चडीगढ़ लेन से जैसे ही वह चंडीगढ़-दिल्ली पर पहुंचा तो एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। सूचना मिलते ही चांदनीबाग पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।