सेना की भर्ती रैली में उम्मीदवार नशे का सहारा लेकर दौड़ लगा रहे है। युवाओं ने आर्मी चौकसी को भी फेल कर दिया है। भर्ती स्थल पर सिरिंज व दवाई के साथ दिखाई दिए। भर्ती रैली के बाद मिले नशीले पदार्थों को देखकर आर्मी इंटेलीजेंस व खुफिया तंत्र भी हैरान रह गया। शिवाजी स्टेडियम में आर्मी भर्ती रैली के दौरान शनिवार को रोहतक जिले की रोहतक व कलानौर के उम्मीदवारों ने भाग लिया।
रैली में लगभग चार हजार उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था, लेकिन इनमें से ढाई हजार उम्मीदवार ही रैली में शामिल हुए। भर्ती के दौरान 369 उम्मीदवार ने दौड़ की बाधा को पार करते हुए अगले राउंड में प्रवेश किया। जबकि 2131 उम्मीदवार दौड़ में पिछड़ गए। इसके बाद उम्मीदवारों ने लंबी कूद, जिग जैक बेलेंस, बीम, हाइट वेट, डॉक्यूमेंट्री व मेडिकल प्रक्रिया में से गुजरे।
मेडिकल प्रक्रिया में पास होने के बाद उम्मीदवार को लिखित परीक्षा देने होगी । वहीं रविवार को पानीपत जिले के उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया में अपना भाग लेंगे। आर्मी अधिकारियों की माने तो उम्मीदवार की भर्ती रैली से पहले गहनता से चेकिंग की जा रही है। बावजूद इसके भर्ती स्थल पर दवाई व सिरिंज बरामद हुई है। भर्ती रैली के पहले दिन भी दवाई बरामद की गई। भर्ती के पहले दिन शुक्रवार को भी इसी तरह से सिरिंज व अन्य मादक पदार्थ बरामद किए थे।
सिरिंज व दवाई मिलने के बाद उम्मीदवारों पर पैनी नजर
शनिवार को भर्ती स्थल पर दवाई और सिरिंज मिलने के बाद आर्मी ऑफिसर द्वारा सख्ती बरती गई। उम्मीदवारों को टायलेट जाने के दौरान पैनी नजर रखी गई। सूत्रों की माने तो ज्यादातर उम्मीदवार रैली में दौड़ने से पहले टायलेट जाने के बहाने नशे का प्रयोग करते है। ऐसे में आर्मी ऑफिसर द्वारा उम्मीदवारों पर नजर रखी गई।
भर्ती स्थल पर तीसरी आंख की नजर
आर्मी भर्ती रैली में 6 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। जिनमें प्रत्येक उम्मीदवार की गतिविधियों को रिकॉर्ड किया जा रहा है। भर्ती रैली के दौरान उम्मीदवारों को जिन बाधाओं को से गुजरना पड़ता है। उन सभी को कैमरे में कैद किया जा रहा है।
मेहनत करना जरूरी है
उम्मीदवार अगर नशे का सहारा लेकर रैली में भाग लेंगे तो सफल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार मेहनत करके भाग लेना चाहिए। जिन उम्मीदवारों ने मेहनत करके रैली में हिस्सा लिया है उनकी मेहनत रैली में देखने को मिल रही है और वे ही आगे बढ़ रहे हैं।
पीके झा, आर्मी सूबेदार मेजर