पानीपत। कृष्णा गार्डन कॉलोनी से एक विवाहिता अपने तीन वर्षीय मासूम बेटे के साथ लापता हो गई। महिला अपने पति से मिलने की बात कहकर घर से सामान व कपड़े लेकर गई थी। चांदनी बाग थाना पुलिस ने मां की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कृष्णा गार्डन निवासी कुसुम ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से हैं। उनकी बेटी मोनिका की शादी करीब पांच साल पहले गौतम निवासी कासगंज हाल निवासी चाणक्यपुरी, नई दिल्ली के साथ हुई थी। मोनिका पिछले चार महीनों से अपने तीन साल के बेटे आर्यन के साथ उनके पास ही रह रही थी।वह 26 अक्तूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे अपने बेटे आर्यन के साथ अपना सारा सामान और कपड़े लेकर पति गौतम से मिलने के लिए घर से निकली थी। उन्होंने दामाद गौतम से संपर्क किया तो पता चला कि मोनिका वहां पहुंची ही नहीं। चांदनी बाग थाना प्रभारी रेखा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। ब्यूरो