राहगीरों से लिफ्ट लेकर छेड़खानी के आरोप लगाने का भय दिखाकर ठगने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। महिला को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। महिला का शिकार पांच लोग सामने आ चुके हैं, इनमें से दो लोगों की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी।
पहली वारदात शुक्रवार दोपहर तीन बजे की है। अटावला वासी सुलतान ने पुलिस को बताया कि वह दोपहर तीन बजे बाइक से मतलौडा से अपने गांव अटावला जा रहा था। मतलौडा बस अड्डे पर एक महिला ने उसे अटावला जाने के लिए लिफ्ट मांगी। उसने महिला को गांव की औरत समझकर बैठा लिया। अटावला जाने के बाद महिला ने कहा कि उसे अहर गांव जाना है। वह परेशान है, उसे अहर चौक तक छोड़ दे। उसकी परेशानी समझकर वह महिला को छोड़ने चल दिया। रास्ते में महिला ने उससे दो हजार रुपये मांगे। फिर महिला ने छेड़खानी का आरोप लगाने की धमकी दी। डर के मारे उसने दो हजार रुपये महिला को दे दिए। जिसके बाद महिला भागने लगी, इतने में आसपास के लोगों की मदद से महिला को पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले किया गया। इसी तरह गांव निवासी धर्मपाल से महिला ने 10 हजार रुपये ठग लिए थे। उरलाना चौकी प्रभारी एसआई रामनिवास ने बताया कि आरोपी कांता देवी निवासी थिराना को 14 दिन के लिए करनाल जेल में भेज दिया गया है। महिला ने कबूल किया कि उसे पांच लोगों से वारदात अंजाम दी।