पानीपत। किशोर-किशोरियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए टीकाकरण की सोमवार को शुरुआत हुई। पहले दिन जिले के 66 सरकारी एवं निजी स्कूलों में टीकाकरण कैंप लगाए, जहां 12,337 किशोर-किशोरियों कोरोना रोधी टीकाकरण की पहली डोज लगी। टीका लगवाने के लिए किशोर लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे लेकिन उनके उत्साह में कोई कमी नहीं आई।
सौ फीसदी किशोर किशोरियों के टीकाकरण के अभियान की शुरुआत सेक्टर-11-12 स्थित एसडी विद्या मंडिर स्कूल हुडा में हुई। जिले में 15 वर्ष से ऊपर के करीब 90 हजार किशोर-किशोरियों का टीकाकरण किया जाना है। इनमें से 13 फीसदी को पहले दिन ही पहली डोज लग गई है। इस तरह अभियान चला तो जिला प्रशासन के लक्ष्य के तहत एक सप्ताह में किशोर-किशोरियों का टीकाकरण कर लिया जाएगा।
शुभारंभ केंद्र पर 1016 किशोर-किशोरियों का हुआ टीकाकरण
जिले में 15 वर्ष से अधिक उम्र के किशोर-किशोरियों के टीकाकरण की शुरुआत एसडी विद्या मंदिर हुड्डा से हुई। यहां पर जिले में सभी 66 केंद्रों में से सबसे ज्यादा 1016 किशोर-किशोरियों का टीकाकरण हुआ। इसका शुभारंभ उपायुक्त सुशील सारवान ने किया। उनके साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता भी मौजूद रहीं।
उपायुक्त ने इस मौके पर अभिभावकों एवं अध्यापकों से आह्वान किया कि 15 वर्ष के अधिक उम्र के बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं। अपने परिचितों एवं आस-पड़ोस के लोगों से बच्चों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें। प्रधानाचार्य मधुप परासर ने बताया कि टीकाकरण के लिए दो दिन पहले ही लिंक जारी कर दिया गया था। जिसमें बच्चों ने पंजीकरण कराया। टीका लगवाने के लिए बच्चों को पंजीकरण नंबर के साथ अभिभावकों का सहमति पत्र लाना भी अनिवार्य है। कार्यक्रम के अंत में सोसायटी के सेक्रेटरी अनूप गर्ग ने सभी अधिकारियों का धन्यवाद किया।
टीका लगाकर बोले बच्चे
कोरोना से बचाव का टीका लगने से संक्रमण से हम सुरक्षित रहेंगे। ऑनलाइन के साथ ही ऑफलाइन पढ़ाई भी जारी रहेगी। बच्चे सुरक्षित रहेंगे तो बेहतर तरीके से पढ़ सकेंगे। - वंशिका, छात्रा, आर्य गर्ल्स स्कूल
काफी समय से बच्चों को वैक्सीन लगाने का इंतजार किया जा रहा है। बच्चों को अभी तक वायरस से सुरक्षा नहीं मिल सकी थी। अब टीका लगाकर बच्चे सुरक्षित होंगे और अभिभावक भी निश्चिंत हो सकेंगे। - याची, छात्रा, आर्य गर्ल्स स्कूल