दिवाली से पहले तीन साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया
संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। समालखा-पानीपत रोड पर अशोक लीलैंड की पार्किंग के सामने मंगलवार तड़के सड़क हादसे में झट्टीपुर निवासी गाड़ी चालक सूरज की मौत हो गई। घटना आगे चल रहे अज्ञात वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से हुई। सूरज की गाड़ी उसके पीछे थी। ब्रेक लगाने से सूरज की गाड़ी उससे तेजी से भिड़ गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सूरज अंदर ही फंस गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से भाग गया।
मृतक के भाई साहिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सूरज सोमवार को अपने मालिक की गाड़ी लेकर नोएडा गया था। मंगलवार सुबह करीब चार बजे वह घर लौट रहा था। समालखा-पानीपत रोड पर अशोक लीलैंड की पार्किंग के सामने आगे चल रहे वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे उसकी गाड़ी टकरा गई। गंभीर चोटों के कारण सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे।
समालखा थाना प्रभारी महिपाल ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
दिवाली से पहले परिवार में पसरा मातम
सूरज की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दिवाली से पहले हुए हादसे ने घर की खुशियों को मातम में बदल दिया। सूरज के तीन साल के बेटे युग के सिर से पिता का साया उठ गया। पत्नी किरण और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।