पानीपत। शहरी स्थानीय निकाय ने ऑनलाइन लग चुके निगम के करीब 50 करोड़ के टेंडरों से ह्यू यानी हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल की तलवार को हटा लिया है। अब जो टेंडर ऑनलाइन लग चुके हैं, उनको निगम अधिकारी खोल सकते हैं लेकिन भविष्य में लगाए जाने वाले सभी टेंडर ह्यू पोर्टल के जरिए ही लगेंगे। वहीं, इसके अलावा अन्य 11 डेवलपमेंट से जुड़े विभागों के अधिकारियों की भी उनके मुख्यालय में बैठक होगी। इसमें उनके विभागों की ओर से लग चुके टेंडरों पर आगामी रणनीति तय की जाएगी। इसके अलावा पोर्टल में आने वाली समस्याओं को भी सप्ताह भीतर समाधान किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को एक बार फिर से ट्रेनिंग दी जाएगी।
बता दें कि सरकार ने विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स यानी ह्यू पोर्टल को लांच किया था। इसे टेंडर प्रक्रिया में पादर्शिता लाने और पेपरलैस बनाने के लिए शुरू किया गया था। जिसमें एस्टीमेट से लेकर उसकी डीएनआईटी यानी डिटेल नोटिस इनवाइटिंग टेंडर और बिलिंग तक की जानकारी होनी तय की गई थी।
खास बात ये है कि सरकार ने मौजूदा टेंडर प्रक्रिया के दौर से गुजर रहे टेंडर को भी इसी पोर्टल के जरिए आमंत्रित करने के निर्देश दिए थे। इसके अनुसार जिले के 12 विभागों के करीब 100 करोड़ रुपये के टेंडर लटक गए थे। इनमें से अब शहरी स्थानीय निकाय ने बीच में लटके टेंडरों को खोलने के लिए हरी झंडी दे दी है।
ये विभाग थे शामिल
इनमें नगर निगम समेत एचएसवीपी, सिंचाई विभाग, पब्लिक हेल्थ, पीडब्यलूडी, पंचायत विभाग, हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन, एचएसएएमबी, हरियाणा टूरिजम कॉरपोरेशन, एचएसआईआईडीसी, जीएमडीए-एफएमडीए-पीएमडीए, एचपीजीसीएल- एचवीपीएनएल के इंजीनियरिंग वर्क्स शामिल किए गए थे।
ये होना है फायदा-
अब किसी भी टेंडर की कोई भी मैनुअल फाइले नहीं बनेंगी, पूरी प्रकिया पेपरलैस और ऑनलाइन होगी। टेंडर की डिटेल, एस्टीमेट, वर्क आर्डर या बिलिंग सब कुछ ऑनलाइन देखी जा सकेगी। पोर्टल के जरिए अधिकारी ये भी मॉनिटर कर सकेंगे कि कौन सी फाइल किस अधिकारी के पास है और उसमें क्या क्या बदलाव किए गए हैं। इसके लिए जल्द सभी अधिकारियों को उनके पद के हिसाब से आईडी पासवर्ड तक दिए जाएंगे। इसमें ठेकेदारों के काम की गुणवत्ता के हिसाब से अंक भी मिलेंगे। कम अंक वाले को भविष्य में टेंडर लेने में परेशानी भी होगी।
ऑनलाइन रहेंगे चालू- एक्सईएन
यूएलबी की मीटिंग मेें फैसला लिया गया है कि जो टेंडर ऑनलाइन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं वे चालू रहेंगे। इसके अलावा नए टेंडर ह्यू पोर्टल के जरिए ही लगाए जाएंगे। पोर्टल में जो कुछ खामियां थी अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है, जिनको जल्द ही दुरुस्त करवा दिया जाएगा। -प्रदीप कल्याण, एक्सईएन, नगर निगम, पानीपत।