पानीपत। जीटी रोड के एलिवेटेड हाईवे पर खादी आश्रम के सामने रविवार रात को धान से भरे दो ट्रकों के आपस में भिड़ने के बाद लगे जाम के दौरान एक बस की चपेट में आने से सहायक जयतु घोष (19) की मौत हो गई। वे दिल्ली की नरेला मंडी से करनाल की तरावड़ी मंडी जा रहे थे। उनके साथ ही दूसरे ट्रक साथ में चल रहे थे। थाना चांदनी बाग पुलिस ने जीजा की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिला निवासी मुकेश ने बताया कि वह ट्रक चलाते हैं और करनाल के एक गांव में रह रहे हैं। उनके साथ उनका साला जयतु घोष हेल्पर था। रविवार रात को वह दिल्ली की नरेला मंडी से धान लेकर तरावडी मंडी जा रहे थे। उनके साथ दो अन्य ट्रक भी थे। जैसे ही वह रात को करीब दो बजे जीटी रोड एलिवेटेड हाईवे पर पहुंचे तो आगे चल रहे ट्रक की रस्सी टूट गई। जिस कारण ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिस कारण उनका ट्रक पीछे से सामने वाले ट्रक में घुस गया और क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद जयतु घोष नीचे उतरकर ट्रक में हुए नुकसान को देखने लगा। इसी बीच वह हाईवे पर दूसरी साइड पर पहुंच गया। जहां करनाल की और से आ रही तेज रफ्तार बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में जयतु घोष की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार को पुलिस ने मृतक के जीजा मुकेश के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
वर्जन :
एलिवेटेड हाईवे पर हादसे में एक युवक की मौत हुई है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
महिपाल सिंह, प्रभारी, थाना चांदनीबाग।