पानीपत। जिले में रविवार की देर रात गांवा वैसर के रहने वाले युवक और जसबीर कॉलोनी निवासी महिला की बुखार से मौत हो गई। इनकी प्लेटलेट्स लगातार गिर रही थी और डेंगू होने की आशंका है, क्योंकि निजी अस्पतालों की जांच में इन्हें डेंगू आया था। कार्ड टेस्ट में दोनों को डेंगू का पॉजिटिव पाया गया। हालांकि स्वास्थ्य विभाग कार्ड टेस्ट की रिपोर्ट नहीं मानता है।
दोनों ही मामलों में परिजन शवों के लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों की सूचना पर किला एवं मतलौडा थाना पुलिस भी पहुंची। दो दिन में बुखार फिर अचानक मौत से परिजनों को शंका के अधार पर पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम कराए फिर शव उन्हें सौंप दिए गए। अब स्वास्थ्य विभाग ने दोनों की मौत का कारण जांच रहा है। निजी अस्पतालों में की गई कार्ड टेस्ट में आए डेंगू पॉजिटिव की रिपोर्ट को स्वास्थ्य विभाग प्रमाणिक नहीं मानता है, ऐसे में इन मामलों में स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच करेगी। जिसके बाद ही इन्हें डेगूं होने या नहीं होने की पुष्टि होगी।
केस-1:
- अस्पताल ले जाते वक्त विवाहिता ने रास्ते में तोड़ा दम:
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिले प्रतापगढ़ के लालगंज निवासी सुमित ने बताया कि वह कई सालों से परिवार के साथ पानीपत की जसबीर कॉलोनी में किराए पर रह रहा है। एक साल पहले गांव शिमला मौलाना निवासी अंजीता (19) के साथ विवाह हुआ। तीन भाई बहनों में सबसे बड़ी अंजीता को दो दिन से बुखार था। रविवार सुबह बुखार तेज हो गया। उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां से करनाल स्थित कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। शाम को करनाल ले जाते वक्त उसकी रास्ते में मौत हो गई। निजी अस्पताल में हुए टेस्ट में अंजीता डेंगू पॉजिटिव आई थी।
केस-2:
दो दिन से आ रहे बुखार से इकलौते बेटे की मौत
गांव वैसर निवासी 32 वर्षीय अमित इकलौता वारिस था। पिता साहब सिंह के मुताबिक उसे दो दिन से बुखार आ रहा था। रविवार शाम को घर पर अमित की तबीयत अधिक बिगड़ गई। उसे लेकर बिशन स्वरूप कॉलोनी स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचे, जहां इलाज के दौरान बेटे ने दम तोड़ दिया। निजी अस्पताल की जांच में अमित डेंगू पॉजिटिव आया था। परिजनों ने निजी अस्पताल से मिली अमित सारी रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को जांच के लिए सौंप दी है। अमित का तीन और एक वर्ष के बेटे हैं, जिनकी जिम्मेदरी अब अमित के माता-पिता पर आ गई है।
डेंगू से मौत स्पष्ट नहीं है, जांच में स्पष्ट होंगे कारण
दोनों की मौत डेंगू की वजह से हुई है, यह स्पष्ट नहीं है। निजी अस्पताल में की गई कार्ड टेस्ट की रिपोर्ट मान्य नहीं है। दोनों ही मामलों की जांच होगी, जिसके बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। - डॉ. जितेंद्र कादियान, सिविल सर्जन पानीपत