पानीपत। आजाद नगर रेलवे फाटक पर प्रस्तावित पांचवें अंडरपास के लिए शहरी स्थानीय निकाय की ओर से रेलवे को दो करोड़ रुपये दिए हैं। ये ग्रांट शहरी विधायक प्रमोद विज ने दिलवाई है। अब इन अंडरपास के निर्माण का टेंडर 22 अप्रैल को खुलने जा रहा है। इसके बाद रेलवे अधिकारी तकनीकी और आर्थिक चरणों से गुजरने वाली एजेंसी को इसका वर्क ऑर्डर सौंपेगे और काम को सिरे चढ़ाया जाएगा। अनुमान है कि अंडरपास के इन कामों को छह माह भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इससे शहर वासियों को जाम की समस्या से काफी निजात मिलेेेगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत नवंबर 2021 को शहर में चार अंडरपास बनवाने के लिए नगर निगम ने रेलवे को 19.52 करोड़ रुपये का चेक दिया गया था। इस दौरान सांसद, शहरी और ग्रामीण विधायक समेत शहर के पार्षद भी मौजूद थे। ये अंडरपास गोहाना रोड, असंध रोड, बिश्नस्वरूप कॉलोनी और सेक्टर 6 के पास आयकर भवन के सामने रेलवे लाइन पर प्रस्तावित किए गए थे।
इसके बाद नई सब्जी मंडी, पुरानी अनाज मंडी, आजाद नगर, विकास नगर, कृष्ण पुरा, संजय कॉलोनी, राजनगर को आपस में जोड़ने वाली रेलवे फाटक पर पांचवां अंडरपास प्रस्तावित हुआ। इसके लिए रेलवे ने निगम ने दो करोड़ रुपये की डिमांड की। इस ग्रांट को लेने के लिए शहरी विधायक चंडीगढ़ में निकाय अफसरों से मिले और ग्रांट की राशि पास करवाई। दूसरी तरफ रेलवे के सेक्शन इंजीनियर की ओर से इन अंडरपास के निर्माण कार्य का टेंडर लगवा दिया गया। अब ये टेंडर बिना किसी बाधा के खुलने आ जा रहा है।
22 अप्रैल को खुलेंगे टेंडर
शहर में पांच अंडरपास बनाए जाएंगे। इसके लिए रेलवे की ओर से टेंडर लगवा दिया गया है। अब ये टेंडर 22 अप्रैल को खुलने जा रहा है। इसके बाद नियमानुसार और गुणवत्तापूर्वक अंडरपास बनाए जाएंगे। -आरडी कल्याण, सेक्शन इंजीनियर, रेलवे।
शहर को मिलेगी जाम से मुक्ति
पांचवें अंडरपास को बनाने के लिए दो करोड़ रुपये की राशि कम थी। इसे सरकार से रिलीज करवाया गया है। शहर के पांचों मुख्य जाम के बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए इन अंडरपासों के निर्माण के लिए रेलवे की ओर से टेंडर लगाया गया है। इनके बनने के बाद शहरवासियों को जाम से निजात मिलेगी। -प्रमोद विज, शहरी विधायक, पानीपत।