पानीपत। सीआईए-टू ने 21 फरवरी को गांव नारायणा और खलीला के बीच रिफाइनरी पाइपलाइन से तेल चोरी करने का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को पकड़ लिया है। दोनों को गांव करहंस के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
सीआईए-टू प्रभारी वीरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम ने सोमवार रात गश्त के दौरान गांव करहंस के पास से गांव मच्छरौली निवासी सोनू पुत्र करण सिंह और नांगलोई, दिल्ली निवासी समय पाल पुत्र भवानी सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों ने बताया कि वे लूट और तेल चोरी की वारदात में पिछले साल तिहाड़ जेल में बंद थे। दोनों की वहीं पर मुलाकात हुई थी। वहां से बेल पर आने के बाद भी दोनों एक दूसरे से मिलते थे। समय पाल जनवरी में अपने साथ अवलेश निवासी भाग्य नगर इटावा, यूपी को उसके घर लेकर आया था। समय पाल ने उसे बताया था कि अवलेश तेल चोरी करने में माहिर है। वह ऐसी कई वारदात अंजाम दे चुका है। उन्होंने यहां रिफाइनरी पाइप लाइन से तेल चोरी की योजना बनाई। उन्होंने गांव नारायणा के मंजीत को भी अपने साथ जोड़ा। उन्होंने फरवरी में रिफाइनरी की पाइन लाइन को चिह्नित कर लिया। 21 फरवरी को जब पाइप लाइन से तेल चोरी करने लगे तो वहां पर रिफाइनरी की गाड़ी आ गई। इसके बाद वे सामान छोड़कर फरार हो गए।