पानीपत। सीआईए थ्री पुलिस टीम ने झपटमारी व मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुराना औद्योगिक क्षेत्र में गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों से झपटमारी व मोटरसाइकिल चोरी की दो वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों से झपटा गया मोबाइल व मोटरसाइकिल बरामद कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। आरोपियों की पहचान अजय व सोनू उर्फ तितली निवासी हरि नगर के रूप में हुई।
सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि उनकी टीम सोमवार देर शाम को जीटी रोड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि दो युवक संदिग्ध हालात में मोटरसाइकिल पर पुराना औद्योगिक क्षेत्र में गोल चक्कर के पास घूम रहे है। उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया। पुलिस पूछताछ में इन्होंने बताया कि छह मार्च को इन्होंने डाहर व 11 मार्च को इन्होंने सनौली रोड से मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके अलावा उन्होंने सात अप्रैल को गांधी कॉलोनी में एक युवती से मोबाइल भी झपटा था। मोबाइल के कवर में चार हजार रुपये भी थे। वह नशे के आदी हैं और अपनी आदतों को पूरा करने के लिए आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं।