पानीपत। विकास नगर निवासी एक 59 वर्षीय बुजुर्ग ने बिंझौल के पास एक खेत में पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना वीरवार देर शाम की है। मृतक की जेब से एक सुसाइट नोट मिला है। इसमें उसने लिखा है कि उधार दिए रुपये वापस मांगने पर आरोपी उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे थे। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 306 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आठ मरला चौकी पुलिस को दी शिकायत में विकास नगर निवासी मृतक राजकुमार के बेटे प्रदीप ने बताया कि उनकी गांव बिंझौल में जमीन है। गत 25 नवंबर को उसके पिता राजकुमार शाम पांच बजे के करीब खेत में गए थे, लेकिन वह वापस नहीं आए। उन्होंने तलाश शुरू की। जब वह 26 नवंबर को खेत पर पहुंचा तो पिता का शव पेड़ पर लगे फंदे पर लटका हुआ था। प्रदीप ने बताया कि सुसाइड नोट में पिता ने पूनम सुनारी, रविंदर, बंटू, नवाब, ईश्वर, उसका लड़का शिवम, सुनीता, मीना व कृष्ण निवासी आजाद नगर को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
प्रदीप के मुताबिक, इन सभी लोगों के साथ पिता का पैसों का लेनदेन था। आरोपियों ने पिता से कुछ रुपये उधार लिए थे। प्रदीप ने बताया कि पिता ने आरोपियों की धमकी के बारे कई बार उसे सूचित किया था। वह पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान थे। आरोप है कि इन्ही लोगों की वजह से जान दी।
प्रदीप के बयान पर तीन महिलाओं सहित नौ लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया गया है। सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच जारी है। - हेमराज राणा, आठ मरला चौकी प्रभारी