पानीपत। हरियाणा प्रदेश के राजकीय विद्यालयों के 36 विद्यार्थियों समेत 72 प्रतिभागियों का दल तेलंगाना की संस्कृति से रूबरू होगा। एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के कल्चरल एक्सचेंज प्रोगाम के तहत 30 मई को हरियाणा के विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों का एक शैक्षणिक भ्रमण तेलंगाना जाएगा। इस दौरान तेलंगाना के राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को हरियाणवी बोली, नृत्य, संगीत और लोकगीत सिखाएंगे।
हरियाणवी संस्कृति से रूबरू करवाने के साथ-साथ हरियाणा के विद्यार्थी भी तेलंगाना के लोकगीत, लोक नृत्य तथा वहां की संस्कृति से रूबरू होंगे। इसके साथ ही हरियाणा के विद्यार्थी तेलुगु भाषा की वर्णमाला एवं तेलुगु को पढ़ना लिखना जानेंगे। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने विद्यार्थियों के इस भ्रमण कार्यक्रम के लिए संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी है। डीपीसी कार्यालय ने टूर पर जाने वाले चयनित विद्यार्थियों व प्रतिभागियों की टिकट तीन एसी कोच में आरक्षित करवा दी गई है।
तेलंगाना जाने वाले विद्यार्थी और विभागीय स्टाफ में अंबाला से नैंसी, भिवानी से रोहित एवं रीना,फतेहाबाद से यतिन, गुरुग्राम से वैष्णवी एवं शत्रुघन, हिसार से आशीष, मुस्कान, अंकुश एवं साक्षी, झज्जर से भुवनेश एवं रौनक, जींद से राहुल एवं हरप्रीत कौर, कैथल से उम्मीद एवं दुष्यंत, करनाल से दीपक, गैतिक, निशा, रेणुका, कुमकुम एवं श्रेया, कुरुक्षेत्र नरमिंदरजीत कौर, अजय पांचाल, यशश्वी, सिमरन एवं समीर, पानीपत से नित्या, रेवाड़ी से अरमान एवं रोशन, रोहतक से प्रतीक, सिरसा से प्रिंस, सोनीपत से राम, यमुनानगर से अदिति, दृष्टि एवं एश्वर्या के साथ ही फरीदाबाद से तीन, पलवल से दो, पंचकूला से दो, पिहोवा से सिर्फ स्टाफ सदस्य शामिल होंगे। स्टाफ सदस्यों की कुल संख्या भी 36 है।
बाक्स
- राज्यस्तर पर अव्वल रहे विद्यार्थियों का भ्रमण के लिए चयन
सहायक जिला परियोजना संयोजक रमेश चहल ने बताया कि रंगोत्सव एवं कला उत्सव कार्यक्रम में राज्यस्तर पर प्रथम या द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और प्रतिभागियों का तेलंगाना भ्रमण के लिए चयन हुआ है। विद्यार्थियों के साथ-साथ विभागीय कर्मचारियों व अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई है, जो विद्यार्थियों के साथ जाएंगे।
वर्जन-
- एक भारत श्रेष्ठ भारत के कल्चरल एक्सचेंज के तहत हरियाणा के विद्यार्थी 30 मई को तेलंगाना के लिए रवाना होंगे। दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से हैदराबाद के लिए तीन एसी कोच में टिकट आरक्षित करवाई गई है। विद्यार्थी तेलंगाना के विद्यार्थियों को हरियाणवी लोकगीत व लोकनृत्य सहित अन्य हरियाणवीं परंपराओं से रूबरू करवाएंगे और वहां की संस्कृति सीखेंगे। भ्रमणकारी दल की छह जून को वापसी है।
- रमेश चहल, सहायक जिला परियोजना संयोजक, पानीपत