माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेशाध्यक्ष गुलशन डंग ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए 25 प्रतिशत टैरिफ की निंदा की है। उन्होंने केंद्र सरकार से अमेरिका का कड़ा विरोध करने और इस फैसले के विरुद्ध मजबूत कदम उठाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि पानीपत के टेक्सटाइल उद्योग के निर्यात में 40 प्रतिशत तक की गिरावट आई है। नई टैरिफ नीति से भारतीय टेक्सटाइल उद्योग को गंभीर संकट में डाल दिया है। केद्र सरकार को अब तत्काल कड़ा कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि यह उद्योग फिर से अपनी स्थिति को मजबूती से हासिल कर सके। उन्होंने कहा कि यह गिरावट भारत के उद्योगपतियों और श्रमिकों के लिए एक गंभीर संकट की तरफ इशारा करती है। उन्होंने कहा कि देश के प्रमुख वस्त्र उत्पादक केंद्रों में से एक पानीपत टेक्सटाइल उद्योग इस टैरिफ के कारण संकट से प्रभावित है। इससे न केवल उद्योग की वृद्धि ठप हो रही है, बल्कि यहां के कारीगरों, श्रमिकों और उद्यमियों की आजीविका पर भी खतरा मंडरा रहा है। पानीपत टेक्सटाइल उद्योग भारत में वस्त्र उद्योग एक प्रमुख और सशक्त आर्थिक स्तंभ रहा है।
यहां का उद्योग न केवल लाखों लोगों को रोजगार देता है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था के लिए भी अत्यधिक महत्वपूर्ण है। निर्यात की गिरावट केवल आर्थिक संकट नहीं है, बल्कि यह वैश्विक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा।