अंबाला। कैंट बस स्टैंड के बाहर फ्लाईओवर के नीचे पंजाब रोडवेज लुधियाना डिपो की बस के चालक व परिचालक से मारपीट के मामले में तीन युवकों पर मामला दर्ज हो गया है। पड़ाव थाना पुलिस ने घायल विकास के बयान पर अज्ञात तीन हमलावरों पर बीएनएस में धमकी देने की धारा 351, मारपीट की धारा 115 आदि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
लुधियाना के शिमलापुरी थाना निवासी विकास मोदगिल ने दी तहरीर में बताया कि वह 15 वर्ष से पंजाब रोडवेज लुधियाना डिपो की बस पर चालक है। 22 अगस्त को वह दिल्ली एयरपोर्ट से जालंधर बस स्टैंड के लिए चला था। परिचालक हरदीप सिंह भी साथ था। रात 3 बजे वह कैंट बस अड्डे के निकट फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे तो हरियाणा रोडवेज की बस रुकी हुई थी। तभी एक वैगनार कार चालक हॉर्न बजाते हुए हटने के लिए बोलने लगा। जब बस लेकर चलने लगे तो उसने बस को आगे कार लगा ली। दो लड़कों ने मारना शुरू कर दिया। हमलावरों ने लोहे के टूल से वार किया। तीनों लड़कों ने हमला कर चोटिल किया है।