पानीपत। देशराज कॉलोनी में दिनदहाड़े एक्टिवा सवार तीन बदमाशों ने एक युवक से फोन छीन लिया। एक्टिवा पर सवार होकर भागने लगे तो कुछ दूरी पर पड़े रेत में अंसतुलित होकर गिर पड़े। इससे वह एक्टिवा और छीने हुए फोन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। डॉयल 112 पुलिस ने मौके पर एक्टिवा बरामद किया, लेकिन एक्टिवा के आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं थी। तहसील कैंप थाने की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मूलरूप से सोनीपत निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह देशराज कॉलोनी में अपने चाचा रमेश के पास रहता है। वह मोबाइल ठीक करने का काम सीख रहा है। शनिवार को दोपहर वह मोबाइल की दुकान से घर की तरफ फोन पर बात करते हुए जा रहा था। पीछे से एक एक्टिवा पर सवार तीन युवक आए और उसका मोबाइल फोन छीनकर भाग गए। एक्टिवा पर नंबर प्लेट नहीं थी। चंद कदमों पर आगे गली में रेत पड़ी थी, जिस पर एक्टिवा असंतुलित हो गई और तीनों गिर गए। गिरने के बाद वह एक्टिवा और मोबाइल फोन मौके पर ही छोड़कर भाग निकले।
डायल 112 की गाड़ी भी नाले में धंसी
घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 की गाड़ी मौके पर पहुंची। वहां निर्माणाधीन नाले में पुलिस की गाड़ी फंस गई। किसी तरह गाड़ी को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन कोई सुराग हाथ न लगने पर अपने खुफिया तंत्र को अलर्ट किया।