पानीपत। एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस ने गश्त के दौरान चोरी की बाइक सहित तीन नाबालिग आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों से पूछताछ में बाइक चोरी की तीन वारदातों का खुलासा हुआ। आरोपियों को बाइक चलाने का शौक था, इसलिए बाइक चोरी करते थे। चोरी की दो बाइक बरामद कर पुलिस टीम ने तीनों नाबालिग आरोपियों को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया, जहा से उन्हें बाल सुधार गृह मधुबन भेजा गया।
एंटी व्हीकल थेप्ट इंचार्ज एसआई संदीप कुमार ने बताया कि रविवार को सुबह एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस की एक टीम गश्त के दौरान सनौली रोड पर मौजूद थी। गुप्त सूचना पर उग्राखेड़ी मोड पर नाकाबंदी कर एचएफ डिलक्स बाइक पर तीन युवकों को काबू किया। पूछताछ की तो तीनों की पहचान नाबालिग के रूप में हुई। बाइक के कागजात मांगने पर तीनों बहाने बाजी करने लगे। डिटेन करने पर आरोपियों ने उक्त बाइक दो दिन पहले छोटू राम चौक के नजदीक मोहित स्कूल वाली गली से चोरी करने का खुलासा किया। बाइक चोरी की उक्त वारदात बारे थाना किला में ओमबीर निवासी बबैल रोड की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
पेट्रोल खत्म होने पर चोरी की बाइक वहीं छोड़ी
एसआई संदीप ने बताया कि आरोपियों को डिटेन करने पर खुलासा हुआ कि तीनों ने मिलकर भारत नगर से अप्रैल में एक स्प्लेंडर बाइक चोरी कर तीन दिन बाद पेट्रोल खत्म होने पर छोटूराम चौक पर लावारिस हालत में छोड़ दी थी। चोरीशुदा उक्त बाइक पुलिस टीम द्वारा बरामद कर कब्जा पुलिस में ली जा चुकी है। थाना किला में रंजीत निवासी घूप सिंह नगर पानीपत की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है। वहीं दो दिन पहले एक अन्य बाइक थाना किला क्षेत्र के अंतर्गत एक फैक्टरी के बाहर से चोरी की थी।