पानीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में परीक्षा कक्ष तक नकल पहुंचाया जाना थम नहीं रहा है। शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन बेबस नजर आ रहा है। सोमवार को 10वीं की अंग्रेजी की परीक्षा में खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के कई केंद्रों पर नकल होने की खबर मिली। तलाशी के दौरान एक केंद्र पर तीन नकलची विद्यार्थियों को नकल के साथ दबोचा गया। इस केंद्र को रद करने की सिफारिश की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों के बाहर बाहरी तत्व नकल बनाते देखे जा रहे है, इसके साथ ही पर्चियां बनाकर परीक्षा कक्ष के अंदर तक पहुंचाई जा रही हैं। दूसरी ओर जिला शिक्षा अधिकारी केंद्र के अंदर नकल पहुंचाए जाने से इनकार कर रहे हैं।
सोमवार को दसवीं का अंग्रेजी पेपर शुरू होने के 20 मिनट ही परीक्षा केंद्रों के बाहर बाहरी तत्वों की भीड़ जमा हो गई। गांव उग्राखेड़ी, नांगलखेड़ी, गांव सिवाह के सरकारी स्कूल समेत ग्रामीण क्षेत्र के अधिकतर परीक्षा केंद्रों में नकल का यही हाल दिखा। करीब दो घंटे तक परीक्षा केंद्रों दीवारों और खिड़कियों पर बाहरी लोग लटकते दिखे। राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में भी परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस तैनात थी, लेकिन केंद्र के पीछे नकल कराने वालों का हुजूम लगा रहा।
उड़दस्ते ने तीन नकलची पकड़े, बड़ौली परीक्षा केंद्र को रद करने की सिफारिश
उपायुक्त उड़नदस्ते ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयल काबड़ी, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यायल मॉडल टाउन और गुरु रामदास वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़ौली में छापा मारा। बड़ौली विद्यालय में 10वीं कक्षा की परीक्षा के दौरान माहौल शांत मिला, लेकिन तीन विद्यार्थियों को नकल करते पकड़ा गया। इन तीनों छात्रों के केस बनाकर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को भेजे गए हैं। इसके साथ इस केंद्र को रद करने की सिफारिश की गई है।
विद्यार्थियों ने बताया परीक्षा के कुछ भाग रहे कठिन
परीक्षा देने के बाद परीक्षार्थी सनी, सोनम और अजय ने बताया कि परीक्षा के कुछ भाग कठिन रहे। व्याकरण का भाग सबसे ज्यादा कठिन लगा। समय कम होने के कारण आखिरी के कुछ प्रश्न रह गए। जिससे कम अंक मिलने की संभावना है। उधर, सनी ने बताया कि उसका अभ्यास अच्छा था, जिसकी वजह से उसे परीक्षा करने में कम वक्त लगा।
- किसी भी परीक्षा केंद्र के बाहर नकल व पर्चियां फेंकने का मामला नहीं आया है। इसके बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। उपायुक्त के उड़नदस्ते ने तीन नकलचियों को पकड़ा है। - रमेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी