पानीपत। सिद्धार्थ नगर के एक मकान में किराए पर रहने वाला परिवार बेटे की मौत पर बिहार गया था। इधर चोरों ने घर खंगाल दिया। भुक्तभोगी के मुताबिक करीब 6.80 लाख रुपये की चोरी को अंजाम दे दिया। चोर नकदी, जेवरात के साथ स्विफ्ट कार और पालतू कुत्ता भी ले गए। मकान के साथ ही दूसरी मंजिल पर एक अन्य किराएदार के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। उनका परिवार शादी समारोह में गया है। लौटने पर चोरी की रकम का पता चलेगा। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिदार्थ नगर निवासी रितिका ने बताया कि चाचा शंभू नाथ झा पड़ोस में अंग्रेज सिंह के मकान में किराए पर रहते हैं। चाचा के छोटे बेटे की मौत हो गई थी, जिस वजह से बिहार के भागलपुर गए थे। चार मई से ही वह चाचा के घर की देखभाल और पालतू कुत्ते का ख्याल रख रही थीं। बृहस्पतिवार को सुबह छह बजे कुत्ते को घुमाने के लिए मकान पर आईं तो ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का लॉक टूटा था। स्विफ्ट कार चोरी हो गई थी। इसके अलावा 80 हजार की नकदी, सोने की तीन चेन, दो नथ, दो बालियां, छह अंगुठियां, दो सोने के लॉकेट, लैपटॉप चोरी मिले।
तीन घंटे तक खंगाला घर
चोर ने लगभग तीन घंटे तक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रितिका ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया तो उसमें एक युवक चोरी की वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है। आरोपी रात 12:30 बजे घर में घुसा और 3:21 बजे वारदात को अंजाम देने के बाद कार में बैठकर चला गया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी मंदिर में रखे पीतल और चांदी के बर्तन लेकर गए हैं।
मकान मालिक के घर के टूटे मिले ताले, शादी समारोह में गया है मालिक
रितिका ने बताया कि चाचा शंभू के साथ ही अभिषेक श्रीवास्तव भी किराए के मकान में रहते हैं, जो कि शादी समारोह में गए हैं। उन्होंने जब ऊपर जाकर देखा तो उनके कमरे का भी ताला टूटा मिला। उन्होंने मकान मालिक को सूचना दे दी है। उनके घर आने के बाद ही खुलासा होगा कि उनके मकान में कुल कितने की चोरी हुई है।
वर्जन
युवती की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर बलराज सिंह, पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी