पानीपत। टेलीग्राम पर ग्रुप बनाकर बाल यौन शोषण सामग्री बेचने के मामले में दो आरोपियों सूरज और आकाश से साइबर क्राइम थाना पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। आरोपियों ने टेलीग्राम पर अलग-अलग ग्रुप बना रखे थे। ग्रुप में जुड़ने के लिए 200 रुपये एंट्री फीस रखी थी, इसके बाद प्रति वीडियो के भी 300 से 400 रुपये की वसूली की जाती थी। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए हैं। बुधवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पानीपत में बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री बेचने का मामला सामने आया था। मुख्यालय से आई रिपोर्ट के आधार पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दो आरोपियों सूरज निवासी विकास नगर पानीपत व आकाश निवासी अंबेडकरनगर यूपी हाल निवासी किला पानीपत को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी टेलीग्राम आईडी पर यौन शोषण और दुर्व्यवहार सामग्री बेच रहे थे। आकाश और सूरज दोनों ने अलग-अलग नाम से से आईडी बना रखी थी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने बताया कि वह तीन-चार माह से यह काम कर रहे थे। उन्होंने टेलीग्राम पर आईडी बनाकर अलग-अलग ग्रुप बना रखे थे। वह बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री ऑनलाइन डाउनलोड करते थे इसके बाद उसे ग्रुप में अपलोड कर देते थे, इसके लिए वह ग्रुप से जुड़े सदस्यों से चार्ज वसूल करते थे।
200 रुपये रखी थी एंट्री फीस
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने ग्रुप में जुड़ने के लिए 200 रुपये फीस रखी थी। एक ग्रुप में आठ से 10 व्यक्तियों को जोड़ते थे। इसी तरह से उन्होंने अलग-अलग 10 से 20 ग्रुप तैयार किए थे। कुछ दिन एक ग्रुप में वीडियो अपलोड करने के बाद उस ग्रुप को डिलिट कर दिया था, साथ ही दोबारा फिर से ग्रुप तैयार करते थे। तीन माह से यह खेल चल रहा था। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं, साथ ही बुधवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री बेचने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया गया। दोनों के मोबाइल और खातों की जांच की जा रही है।
-अजय कुमार, प्रभारी थाना साइबर क्राइम।