पानीपत। आर्य कॉलेज पानीपत में एडमिशन के रजिस्ट्रेशन के लिए पहुंचे विद्यार्थी।
- फोटो : Panipat
उच्चतर शिक्षा विभाग ने महाविद्यालयों में दाखिले के लिए चल रही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ाकर 6 सितंबर कर दी है। पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 26 अगस्त थी, लेकिन सर्वर डाउन रहने से विद्यार्थी परेशान रहे और महाविद्यालय प्रबंधन से अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग करते रहे। इसके बाद उच्चतर शिक्षा विभाग ने अंतिम तिथि बढ़ाकर 2 सितंबर की थी। अब कॉलेजों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों की मांग को देखते हुए यूजी कक्षाओं में आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 6 सितंबर किया है।
आवेदन प्रक्रिया के अंतिम दिन वीरवार को शहर के अधिकतर कालेजों में विभिन्न कोर्स में आवेदन करने के लिए विद्यार्थियों की कतार लगी रही। आवेदन की अंतिम तारीख 2 सितंबर निर्धारित की गई थी। अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ ही करीब तीन दिन से कॉलेजों और साइबर कैफे में भीड़ का जुटना शुरू हो गया था। शहर के प्रमुख कॉलेजों में निर्धारित सीटों के मुकाबले डेढ़ से दो गुणा अधिक आवेदन हो चुके हैं। कॉलेज प्रबंधन का दावा है कि 12वीं पास कर चुके करीब 80 प्रतिशत विद्यार्थी आवेदन कर चुके हैं। करीब 16157 बच्चे यूजी में प्रवेश का इंतजार कर रहे हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि को एक बार फिर बढ़ाकर 6 सितंबर किया गया है, जिससे विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली है। नया शेड्यूल शुक्रवार तक जारी होने की संभावना है। विद्यार्थियों को चाहिए कि अंतिम तिथि का इंतजार करने की बजाए समय निकालकर पहले ही ऑनलाइन आवेदन कर लें।
-डॉ. जगदीश गुप्ता, प्राचार्य, आर्य कॉलेज पानीपत।