माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। बड़ी वारदातों का खुलासा करने में पानीपत पुलिस नाकाम साबित हो रही है। एक माह पहले हैंडलूम कारोबारी के घर में घुसकर हुई सवा करोड़ रुपये की चोरी की वारदात का पुलिस ने आज तक खुलासा नहीं किया। हैरत की बात तो यह है कि पुलिस वारदात के बाद से ही दावा कर रही है कि चोरों की पहचान की जा चुकी है। लेकिन,अभी तक न तो चोरों को गिरफ्तार किया जा सका है और न ही चोरी की वारदात का खुलासा हो सका है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। इस मामले में थाना प्रभारी संदीप लाइन हाजिर हो चुके हैं।
थाना चांदनीबाग क्षेत्र के सेक्टर-12 में 20 सितंबर को चोरों ने हैंडलूम कारोबारी गौरव कटारिया के घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर घर के अंदर लॉकर तोड़कर करीब 20 लाख रुपये की नकदी और एक किग्रा सोने के जेवर चोरी कर ले गए थे। वारदात के बाद एसपी ने खुलासे के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया था। शुरूआत में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी। जिसमें संदिग्ध चोर कैद हुए थे। जिसके बाद से ही पुलिस चोरों की पहचान होने का दावा कर रही थी। लेकिन अभी तक पुलिस इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जिस कारण चोरी की वारदात का भी खुलासा नहीं हो सका।
थाना प्रभारी पर गिर चुकी है गाज
चोरी की वारदात के बाद चांदनीबाग थाना प्रभारी पर भी गाज गिर चुकी है। एसपी ने थाना चांदनीबाग प्रभारी संदीप को लाइन हाजिर कर दिया था। उनके स्थान पर पीएसआई गौरव को थाने का कार्यभार सौंपा था। वे भी अब वारदात का खुलासा नहीं कर पाए हैं।
चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए टीमें काम कर रही हैं। प्रयास किया जा रहा है कि जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाए।
-सुरेश सैनी, डीएसपी यातायात।
-