पानीपत। रेलवे स्टेशन के बाहर पूछताछ केंद्र पर लगी यात्रियों की भीड़।
- फोटो : Panipat
पानीपत। दिल्ली मंडल के होलंबी कलां-नरेला स्टेशन के बीच बुधवार को चार घंटे तक बॉक्स लगाने का काम हुआ। इस वजह से बुधवार को दिल्ली जाने वाली चार ट्रेनें रद रहीं। तीन ट्रेनें आंशिक रूप से रद रहीं और तीन ट्रेनें देरी से चलीं। इससे दिनभर यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। होलंबी कलां और नरेला स्टेशन के बीच सवा 12 बजे से सवा चार बजे तक पुल संख्या 60, 60-ए और 61 पर आरसीसी बॉक्स लगाने के लिए चार घंटे का रेल यातायात का ब्लॉक लिया गया था। पानीपत रेलवे स्टेशन अधीक्षक इंद्रपाल खोसला ने बताया कि इस कारण कुछ ट्रेनें प्रभावित रहीं। इस संबंध में दिनभर स्टेशन पर अनाउंसमेंट होती रही ताकि यात्री ट्रेन का इंतजार करने की बजाय अपने गंतव्य की ओर बस या अन्य वाहन से जाएं।
सैकड़ों लोग करते रहे ट्रेन का इंतजार
रेलवे स्टेशन पर दिनभर सैकड़ों की संख्या में यात्री इंतजार करते रहे जबकि खिड़की पर टिकट नहीं दी जा रही थी। यात्रियों को बताया जा रहा था कि ट्रेनें रद हैं। इसके बाद भी रोज सफर करने वाले पास धारक यात्री एवं ऑनलाइन टिकट निकालने वाले यात्री इंतजार करते रहे। दोपहर 12 बजे से अमृतसर, दिल्ली और कुरुक्षेत्र जाने के लिए सैकड़ों लोग प्लेटफॉर्म नंबर एक एवं दो पर ट्रेनों का इंतजार करते दिखे।
बोले यात्री
आधे घंटे तक स्टेशन पर इंतजार करने के बाद पता चला है कि ट्रेन नहीं चलेंगी। ऑनलाइन टिकट बुक की थी। जरूरी काम से अमृतसर जाना था, अब बाहर बस से जाना पड़ेगा। - कमरूल कुमार, यात्री
मजदूरी करने के बाद पानीपत आए थे,अब अपने गांव बिहार वापस जा रहे हैं। ट्रेन रद होने का पता नहीं था, अब दिनभर परेशान होना होगा। - मोहम्मद ,यात्री