पानीपत। यूएलबी हरियाणा का पोर्टल 27 दिन बाद वीरवार सुबह शुरू हो गया है। अब शहर के लोग इस पोर्टल पर अपनी प्रॉपर्टी आईडी और उनमें त्रुटियों को ठीक करवाने के लिए आवेदन कर पाएंगे। वहीं, निगम अधिकारी भी पेंडिंग आवेदनों के निपटान करने पर जुट गए हैं। निगम कार्यालय में भी आवेदनकर्ता दिन भर चक्कर काटते रहे। पोर्टल के चलने से अब शहरवासियों और निगम अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली है। अब इस पोर्टल पर अब 2022-23 का प्रॉपर्टी टैक्स भी दर्शाने लगा है।
गौरतलब है कि शहर की प्रॉपर्टियों को डाटा अपडेट करने के लिए एक अप्रैल से यूएलबी हरियाणा का पोर्टल बंद किया गया था। शुरूआत में अनुमान था कि पोर्टल को एक सप्ताह की भीतर चालू कर दिया जाएगा लेकिन बाद में इसे चालू नहीं किया गया। हालांकि इस पोर्टल के साथ यूएलबी एनडीसी हरियाणा का पोर्टल भी बंद हुआ था लेकिन उसे चालू कर दिया गया था।
दो हजार से ज्यादा लंबित हैं आवेदन
यूएलबी हरियाणा पोर्टल पर प्रॉपर्टी आईडी और इसमें त्रुटि ठीक करवाने के लिए करीब एक हजार आवेदन पेंडिंग हैं। वहीं, एनडीसी पोर्टल पर एनडीसी के लिए एक हजार से ज्यादा आवेदन बाकी हैं। पोर्टल चलने के बाद वार्ड क्लर्क और जेई को सुबह 9 से लेकर डेढ़ बजे तक अपनी सीट पर बैठकर काम निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। इनको सुबह से दोपहर तक आने वाले आवेदन और दो बजे के बाद पेंडिंग फाइलों के निपटान का काम करना होगा।
यूएलबी सामान्य एनडीसी प्रक्रिया जटिल
यूएलबी हरियाणा के पोर्टल पर केवल आगामी वित्तीय वर्ष के संपत्ति कर को अपडेट किया गया है जबकि एनडीसी पोर्टल की प्रक्रिया को करीब 10 नए अपडेट के साथ जटिल बना दिया गया है। इस पोर्टल पर एनडीसी आवेदन के लिए अब अलग-अलग प्रकार के करीब 15 दस्तावेजों को अपलोड करना होगा। वहीं, सभी कॉलम में पूरी जानकारी देनी होगी। अबकी बार पोर्टल पर फ्लोर को जोड़ने का भी प्रावधान किया गया है।
चल गई साइट - डीएमसी
यूएलबी हरियाणा और एनडीसी पोर्टल को अपडेट किया गया है। एनडीसी पोर्टल पहले चालू हो गया था जबकि यूएलबी हरियाणा पोर्टल अब शुरू हुआ है। अब शहर के लोग अपनी प्रॉपर्टी आईडी या त्रुटि के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जितेंद्र कुमार, डीएमसी, नगर निगम, पानीपत।