गोहाना मोड़ से गांव डाहर तक स्टेट हाईवे को फोरलेन करने का काम तीन माह से अधूरा पड़ा है। प्रशासन ने एनएफएल से गोहाना मोड़ तक स्टेट हाइवे को दोनो ओर से 20-20 फीट खाली करवा लिया है। इसको रोड बनाने के लिए समतल भी कर दिया है, लेकिन इस भूमि से अब तक बिजली के खंभे नहीं हटाए गए हैं। शहरी विधायक प्रमोद विज का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है। उन्होंने दोनों विभाग को फोरलेन का काम शुरू कराने के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है।
बिजली के 230 खंभे अब भी फोरलेन के काम में बाधा बने हुए हैं। इसका कारण पीडब्ल्यूडी व बिजली निगम में तालमेल की कमी है। दोनों विभाग जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहे हैं। अब बिजली निगम को पोल हटाने के लिए 70 लाख रुपये मिले हैं। उम्मीद है कि एक सप्ताह में खंभे हटाने का काम पूरा हो जाएगा।
दुकानदार रमेश, पवन, सुरेश व जयपाल ने बताया कि इस मार्ग पर 350 दुकानदार और छह निजी अस्पताल संचालक पिछले तीन माह से परेशान हैं। जब तक खंभे नहीं हटेंगे तब तक काम शुरू नहीं हो सकता है। अब त्योहारी सीजन शुरू हो चुका है। दुकानदार इस सीजन का पूरा साल इंतजार करते हैं। सड़क दोनों ओर से खुदी पड़ी है। इस कारण ग्राहकों को दुकान तक जाने की जगह नहीं मिल रही है। दुकानों के सामने कई कई फीट गहरे गड्ढे बने हैं। इसलिए दुकानदारों को ये सीजन खाली बैठकर गुजारना पड़ रहा है।
जाम की स्थिति का भी बना कारण
फोर लेन का अधूरा काम जाम की स्थिति का भी कारण बन रहा है। गोहाना रोड से असंध रोड पुल तक दोनों ओर बाजार हैं। यहां आने वाले दुकानदारों व ग्राहकों को अपने वाहन सड़क पर खड़े करने पड़ते हैं। इस कारण शुगर मिल, किशनपुरा, खन्ना रोड, एनएफएल फाटक और एफसीआई गोदाम के सामने जाम की स्थिति रहती है।
विधायक से लेकर सांसद से मिल चुके दुकानदार
फोरलेन का रुका काम करने के लिए दुकानदार सांसद, विधायक व कई बार डीसी से मिल चुके हैं। उन्हें हर बार आश्वासन ही मिला है। नेता अधिकारियों को जल्द काम शुरू करने के निर्देश देते हैं, लेकिन अधिकारी खंभे हटाने के लिए बजट न होने की बात कहते हैं।
मरीजों को सबसे अधिक परेशान
गोहाना रोड पर मलिक अस्पताल, सरदाना अस्पताल, एआर मितल, खुशी मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल, कुंडू अस्पताल और सुख सतागर अस्पताल हैं। यहां हर रोज सैकड़ों मरीजों का आना-जाना रहता है। अस्पतालों के सामने गड्ढे खोद दिए गए हैं। मरीजों को यहां से उठाकर ले जाना पड़ता है। इन गड्ढों में गिरने का भी भय बना रहता है। अस्पतालों के पास एंबुलेंस खड़ी करने की भी जगह नहीं है। डॉक्टरों ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द सड़क व नालों का निर्माण कार्य किया जाए।
आमने-सामने बैठाकर दिया है अल्टीमेटम : प्रमोद विज
गोहाना रोड के फोरलेन होने के काम में पीडब्ल्यूडी व बिजली निगम में तालमेल की कमी सामने आई है। उन्होंने दोनों विभागों के अधिकारियों को आमने-सामने बैठाकर बात की है। अब बिजली निगम को खंभे हटाने के लिए पैसे मिल चुके हैं। दोनों विभागों को खंभे हटाने के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है।
-प्रमोद विज, शहरी विधायक, पानीपत
पानीपत। गोहाना रोड को फोरलेन करने के लिए तोड़ी गई सड़क के बीच में लगे हुए खंबे जिससे काम पड़ा अधूर?- फोटो : Panipat
पानीपत। गोहाना रोड को फोरलेन करने का काम पड़ा अधूरा बीच में लगे हुए खंबे बने सड़क ना बनने का कारण।- फोटो : Panipat