पानीपत। हेलिकॉप्टर में पत्नी मोनिका सैनी संग बैठे हुए पार्षद कोमल सैनी के देवर मुनीष सैनी।
- फोटो : Panipat
पानीपत। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को मजबूत बनाने के लिए पानीपत के छोरे ने बिना दहेज के एक रुपये के शगुन में शादी की। इसके साथ ही दुल्हन को हेलीकॉप्टर में लेकर आया। हेलीकॉप्टर में दुल्हन लाने का सपना मुनीष की मां रामकली का था। मुनीष सैनी पूर्व पार्षद रामकुमार सैनी के छोटे बेटे और पार्षद कोमल सैनी के देवर हैं। उनकी शादी नरवाना निवासी जयभगवान सैैनी की बेटी मोनिका सैनी से हुई है।
मुनीष सैनी के भाई और पार्षद कोमल सैनी के पति दिनेश सैनी ने बताया कि वे तीन भाई हैं। मुनीष सबसे छोटा है। बिना दहेज के शादी करने की वे परंपरा बना चुके हैं। उनके भाई और उन्होंने भी अपनी शादी में किसी प्रकार का दहेज नहीं लिया। ये परंपरा जारी रहेगी। वहीं, उनकी मां का सपना था कि उनका बेटा हेलीकॉप्टर से दुल्हन लेकर आए इसलिए इसे दिल्ली से बुक करवाया था।
बारिश से नहीं हो सका लैंड, इसलिए अगले दिन लौटी बारात
दिनेश ने बताया कि मुनीष की शादी रविवार रात की थी। शादी के बाद बारात को सोमवार को लौटना था, लेकिन खराब मौसम की वजह से हेलीकॉप्टर को लैंड नहीं करवाया जा सकता था। इसलिए मंगलवार तक इंतजार किया गया और बारात की वापसी हुई।
सेक्टर-24 के हेलीपैड पर करवाया लैंड, पहुंचे सैकड़ों लोग
हेलीकॉप्टर को लैंड करवाने के लिए सेक्टर-24 के हेलीपैड को निर्धारित किया गया। इसके लिए पहले से ही प्रशासन से परमिशन इत्यादि ले ली गई थी। जैसी ही हेलीकॉप्टर से दुल्हन आई तो उसे देखने के लिए शहर के सैकड़ों लोग सेक्टर-24 के हेलीपैड पर इकट्ठा हो गए।
बेटियों को कोई बोझ न समझें : रामकुमार सैनी
पूर्व पार्षद रामकुमार सैनी ने कहा कि उन्होंने अपने तीनों बेटों की शादी बिना दहेज के करवाई है। ऐसा इसलिए किया ताकि कोई अपनी बेटियों को बोझ न समझें। शादी में सिर्फ एक रुपया शगुन का लिया गया। इसकी के साथ समाज को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश भी दिया गया है।