समालखा। नगरपालिका समालखा के 17 वार्डों के चुनाव में रविवार को 31141 मतदाता अपना जनप्रतिनिधि चुनने के लिए मतदान करेंगे। इसके लिए समालखा में 34 बूथ बनाए गए हैं। इससे पहले शनिवार को सभी पोलिंग पार्टियां अपने मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम के साथ रवाना की गईं, जहां सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। रविवार सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। हर मतदान केंद्र पर सुबह छह बजे मॉकपोल होगा।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील सारवान ने शनिवार को मतदान से पहले की तैयारी का जायजा लिया। वे भापरा रोड स्थित राजकीय स्कूल पहुंचे तथा ड्यूटी मजिस्ट्रेट और सेक्टर अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी नगरपालिका चुनाव को संपन्न कराने में योगदान दें ताकि चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र और शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाया जा सके। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने धैर्य, विवेक और अनुभव के आधार पर इस चुनाव में मतदान केंद्रों का संचालन स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्बाध गति से करवाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनावों में मतदान केंद्रों के आसपास शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इस दौरान एसपी शशांक कुमार सावन ने भी सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पोलिंग पार्टियों के सदस्यों की पहल की प्रशंसा की
एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी अश्वनी मलिक ने शनिवार को विभिन्न बूथों पर पोलिंग पार्टी के सदस्यों की ओर से मतदाताओं की सुविधा के लिए बेहतरीन ढंग से लिखे गए बूथ नंबर एवं अन्य जानकारी की प्रशंसा की। बूथ नंबर 21, 22 और 23 पर अनूठी लेखन विधि से विभिन्न बूथ दर्शाए गए थे।