पानीपत। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मार्किंग स्कीम में गड़बड़ी करने वाले स्कूलों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर दी है। आरोप सही पाए जाने पर उन पर 50 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाने के साथ मान्यता पर भी असर पड़ सकता है।
सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं के टर्म-1 की परीक्षाएं आयोजित करवा चुकी है। अब विद्यार्थियों को टर्म-1 के नतीजों का इंतजार है। परीक्षा के दौरान ही सीबीएसई ने मार्किंग करने के निर्देश स्कूलों को दिए थे। उससे पहले बोर्ड ने उन स्कूलों को चेताया था, जो मार्किंग स्कीम में गड़बड़ी करते हैं। सीबीएसई के मुताबिक, जो स्कूल मार्किंग स्कीम में गड़बड़ी करने के लिए दोषी पाए जाएंगे, उन्हें जुर्माने के तौर पर 50 हजार रुपये देने होंगे। उनकी मान्यता तक रद्द की जा सकती है।
कोरोना की वजह से दो टर्म में हो रहीं परीक्षाएं
कोरोना की वजह से सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं दो टर्म में एमसीक्यू फॉर्मेट में करा रही है अर्थात बच्चों को ओएमआर शीट पर अपने जवाब देने थे। रिपोर्ट के मुताबिक, उन स्कूलों की पहचान की जा रही है जो नवंबर- दिसंबर 2021 के दौरान परीक्षा केंद्र थे। दरअसल यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि कुछ स्कूलों को गृह केंद्र के तौर पर तब्दील किया गया था और इस बात की शिकायत मिली थी कि उनकी तरफ से कुछ गड़बड़ियां की गईं थीं।
ओएमआर शीट की हार्ड कॉपी रखने के निर्देश
सीबीएसई ने साफ किया है कि गृह केंद्र वाले स्कूलों को ग्रुप ओएमआर शीट की हार्ड कॉपी रखनी अनिवार्य होगी। रिपोर्ट के अनुसार, बोर्ड यह भी जांच करेगा कि छात्रों को अंकन योजना के अनुसार चिह्नित किया गया है या नहीं। सीबीएसई द्वारा परीक्षा के बाद, स्कूलों को अंक सूची भेजी जाएगी और छात्र सूची में अपने अंकों की जांच कर सकेंगे। हालांकि, अंतिम अंक सूची टर्म 2 परीक्षा के बाद ही जारी की जाएगी।
- मार्किंग सिस्टम में गड़बड़ी करने के शक में सीबीएसई ने ऐसे स्कूलों को जो गृह केंद्र थे, उन्हें ओएमआर शीट की हार्ड कॉपी रखने के निर्देश दिए हैं। उन स्कूलों की पहचान की जा रही है जो नवंबर- दिसंबर 2021 के दौरान एग्जाम सेंटर्स थे। सीबीएसई को इस बात की शिकायत मिली थी कि उन केंद्रों की तरफ से कुछ गड़बड़ियां की गईं थी। सीबीएसई ने साफ किया है कि जो स्कूल मार्किंग स्कीम में गड़बड़ी करने के लिए दोषी पाए गए, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - विनीता तोमर, जिला कोऑर्डिनेटर, सीबीएसई, पानीपत।