अंबाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुरुक्षेत्र कार्यक्रम में शामिल होने का रूट अंबाला होने के कारण मंगलवार सुबह से अलर्ट रहा। दोपहर के समय तो प्रधानमंत्री कैंट एयरफोर्स स्टेशन से हेलीकॉप्टर में कुरुक्षेत्र पहुंचे, लेकिन वापसी में सड़क मार्ग से अंबाला आए। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने एयरफोर्स स्टेशन से लेकर मोहड़ा मंडी तक पूरे रास्ते को सवा घंटे तक बंद रखा। हाईवे पर तो पुलिस ने दूसरे रास्तों की व्यवस्था कर दी थी, लेकिन सबसे ज्यादा परेशानी सैन्य क्षेत्र में काली पलटन पुल से लेकर एयरफोर्स स्टेशन तक देखने को मिली। पुलिस की तरफ से जगह-जगह पर बैरिकेड लगाकर आवाजाही पर रोक लगा दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एयरफोर्स स्टेशन से जाने के बाद रास्तों को रात 8 बजे खोला गया। बताया जाता है कि रात के समय हेलीकॉप्टर से लंबी उड़ान भरना बेहद कठिन हो जाता है। इसलिए सुरक्षा के लिहाज से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सड़क मार्ग से कुरुक्षेत्र से अंबाला कैंट एयरफोर्स स्टेशन लाया गया।
यूनिटों में था शिफ्ट बदलने का समय, एक घंटे तक फंसे रहे जवान
सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेड लगने के कारण आम लोगों के साथ-साथ सेना के जवानों को भी परेशानी उठानी पड़ी। काली पलटन के आसपास की सभी यूनिटों में शाम 7 बजे शिफ्ट बदलने का समय हो जाता है लेकिन इस बीच ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले को लेकर सवा घंटे तक मुख्य रास्तों को बंद रखा। ऐसे में जवान अपने-अपने वाहनों पर ही इंतजार करते हुए नजर आए। जबकि यूनिटों में देरी से आने का मैसेज डाला।
प्रधानमंत्री का काफिला देखने के लिए उमड़े लोग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुरुक्षेत्र से सड़क मार्ग के जरिये आने की सूचना लोगों को लगी तो वह एक झलक देखने के लिए उमड़ पड़े। कुछ सैन्य क्षेत्र में काली पलटन पुल के पास पहुंचे तो कुछ अंबाला-दिल्ली हाईवे पर जगह-जगह खड़े रहे। हालांकि इस बीच पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट रही ताकि कोई संदिग्ध पीएम रूट पर न आ सके।
800 जवानों का चप्पे-चप्पे पर रहा पहरा, बेसहारा गोवंश व आवारा कुत्ते हटाए
मंगलवार सुबह से ही जिला पुलिस के 800 जवानों का पीएम रूट पर पहरा रहा। पुलिस ने रूट को सुरक्षित बनाने के लिए पहले ही नगर परिषद व कैटोनमेंट बोर्ड को संबंधित रूट से बेसहारा गोवंश व आवारा कुत्ते हटाने के निर्देश दिए थे। दिन के समय पुलिस के जवानों ने भी इसका विशेष ध्यान रखा। वहीं हरियाणा, यूपी व उत्तराखंड के बम निरोधक दस्तों ने भी मंगलवार सुबह ही पीएम रूट के अलावा कैंट व सिटी के नागरिक अस्पतालों में बने वेयरहाउस का जायजा लिया।