पानीपत। शहर से गुजरने वाले जीटी रोड का नाम गुरु तेग बहादुर रोड रखा जाएगा। इसे सदन की बैठक में पास करवाया गया है। अब इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार के पास भिजवाया जाएगा। वहीं, रेलवे रोड का नाम अब बदलकर भगवान महावीर मार्ग होगा। ये प्रस्ताव नगर निगम के सदन में पास किया गया है। भगवान महावीर के नाम से शहर में एक चौक भी बनाया जाएगा। हालांकि इस प्रस्ताव पर मनोनीत पार्षद ने आपत्ति जरूर जताई थी लेकिन निगम सदन ने इसे सर्वसम्मति से पास किया है।
इसके अलावा वार्ड नंबर 13 के सेक्टर 24 में निगम द्वार और एक स्वागत द्वार का निर्माण किया जा रहा है। इस द्वार का नाम भगवान महर्षि वेद व्यास द्वार रखे जाने और बाईपास पर ऊझा रोड के दूसरे द्वार का नाम क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद रखा जाने का प्रस्ताव पेश किया गया जिसे सर्वसम्मति से पास किया गया। वहीं, नगर निगम सदन की बैठक में ताऊ देवी लाल कॉम्प्लेक्स की सीएससी यानी नागरिक सुविधा केंद्र को पालिका बाजार के निगम कार्यालय में शिफ्ट करने का भी प्रस्ताव पास किया गया है। इससे शहर वासियों को प्रॉपर्टी टैक्स के सभी कामों के लिए सुविधा मिलेगी।
वार्ड नंबर 23 के पार्षद अश्वनी धींगड़ा ने वार्ड से झुग्गियां हटाने का प्रस्ताव पास करवाया। वहीं, वार्ड नंबर 18 के पार्षद बलराम मकौल ने निगम की जमीन पर पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारी का कब्जा बताते हुए इसे खाली करवाने का मुद्दा रखा। जिस पर मेयर ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही मौके का मुआयना करेंगी। इसके अलावा पार्षदों ने कहा कि शहर की गोशालाएं बेसहारा गाय को भी नहीं लेती तो नंदी कहां जाएंगे। ये नंदी दिन भर शहर की सड़कों पर घूमते रहते हैं। इसके बाद नंदीशाला बनाने का प्रस्ताव पास किया गया।
इन पर भी बनी सहमति
- सीएससी को पालिका बाजार में शिफ्ट करने के लिए चौथी मंजिल का होगा निर्माण
- सौंधापुर के शहरी राजगुरु स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक और मल्टीपर्पज हाल का एस्टीमेट सीएम घोषणा की ग्रांट के लिए भिजवाया जाएगा।
- अतिक्रमण हटाने के लिए निगम के पास स्थायी गार्द का प्रस्ताव पास किया गया।
- निगम क्षेत्र की डिजिटल मैपिंग करवाई जाएगी।
- वार्ड नंबर 11 की स्कीम नंबर 63 में दीवार और मिट्टी के भरत का काम पूरा करवाया जाएगा।
- वार्ड नंबर 13 में सीसीटीवी कैमरे का प्रस्ताव पास किया गया।