पानीपत। मानसून की पहली बारिश में ही शहर में जलभराव को लेकर शहरी विधायक प्रमोद विज ने निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की एक आपात बैठक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बुलाई। इसमें निगम की तकनीकी शाखा, सफाई शाखा, जनस्वास्थ्य विभाग के साथ नगर निगम की सफाई कमेटी के जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। बैठक में शहर के ब्लॉक सीवरेज, खुले ड्रेन और नालों समेत कवर्ड नालों की सफाई की रणनीति बनाई गई। इसे लेकर शहरी विधायक ने निर्देश दिए कि जल्द से जल्द शहर के नालों की निगम सफाई करवाए। इसके लिए मशीनरी या मैनपावर उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक के दौरान शहरी विधायक ने अधिकारियों से निगम के सभी 26 वार्डों की निकासी का प्लान मांगा और सफाई पर चर्चा की।
बैठक में फैसला लिया गया कि निगम क्षेत्र के अधीन जो भी नाले खुले हैं, उनकी सफाई की जिम्मेदारी सफाई शाखा की होगी। इसके अलावा जिन नालों को ढकने के लिए स्लैब बिछाए गए हैं, उनको हटाने और सफाई करवाने की जिम्मेदारी निगम की तकनीकी ब्रांच की होगी। इसके अलावा निगम में मर्ज हुए जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शहर के ब्लॉक सीवरेज को सुपर सकर और जेटिंग मशीनों से खोलने का काम करवाएंगे। इस दौरान शहर में वे मुख्य बिंदु चिह्नित किए गए जिनमें बारिश के समय सबसे ज्यादा जलभराव होता है। सबसे पहले उनकी सफाई करवाई जाएगी।
बैठक में मेयर अवनीत कौर, सीनियर डिप्टी मेयर दुष्यंत भट्ट, पार्षद संजीव दहिया, जसमेर सिंह, अतर सिंह रावल समेत निगम अधिकारियों में एक्सईएन राजेश कौशिक, मुख्य सफाई निरीक्षक जितेंद्र नरवाल, सफाई निरीक्षक गुरमीत सिंह भी मौजूद रहे।