पानीपत। बेटी के जन्मदिन के लिए अपने मालिक से वेतन के 8500 रुपये लेकर घर जा रहे पिता के साथ लूट हो गई। पीड़ित ने बताया कि वह करनाल का रहने वाला है, उसने पानीपत बस स्टैंड से ऑटो बुक किया था। ऑटो में बैठने के बाद ही दो युवक और बैठ गए। टोल प्लाजा पार करते ही उन्होंने लूटपाट शुरू कर दी। आरोपियों ने उससे रुपये और मोबाइल लूट लिया और उसे फेंककर फरार हो गए। मामले में पीड़ित ने सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को शिकायत दी है।
गांव महाराणा निवासी विनोद ने बताया कि वह मूलरूप से करनाल के गांव निडाना का निवासी है। वह महराणा गांव में जगभगवान की कार चलाता है, उनके पास ही रहता है, जबकि उनका परिवार गांव में ही रहता है। बुधवार को बेटी अनोखी का जन्मदिन था, इसलिए उन्होंने मंगलवार को मालिक से वेतन के 8500 रुपये लिए थे। वह इसी रात करीब दस बजे रुपये लेकर पानीपत बस स्टैंड पर पहुंचा। जहां पर 45 मिनट इंतजार के बाद भी बस नहीं मिली तो उन्होंने महिला थाने के सामने से 600 रुपये में ऑटो बुक कर लिया।
ऑटो कुछ दूर चला ही था कि रास्ते में दो युवक ऑटो में बैठ गए। टोल प्लाजा पार होते ही ड्राइवर ने ऑटो को सूनसान जगह पर ले गया। वहां पर चालक समेत तीनों बदमाशों ने मिलकर उससे रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया।
पीड़ित विनोद ने बताया कि आरोपियों ने पहले रुपये मांगे तो उसने मना कर दिया। जिसके बाद एक बदमाश के पास डंडा था, उसी डंडे से उसको पीटना शुरू कर दिया। मारपीट की वजह से वह घायल हुआ तो आरोपी उसे घायल अवस्था में ही छोड़कर फरार होग ए। चाय विक्रेता के मोबाइल से उसने परिजनों को वारदात की सूचना दी।
युवक की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, उनकी तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर विजय सिंह, सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी