पानीपत। फैमिली आईडी में आय गड़बड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। विभागों द्वारा इन्हें ठीक नहीं किया जा रहा है। फैमिली आईडी में आय की गलती का एक मामला सोमवार को जनता समाधान शिविर में पहुंचा। वार्ड-सात में चार साल की बच्ची की आय पांच लाख रुपये दिखाई है। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने संबंधित अधिकारियों को इनके समाधान के निर्देश दिए। इसके समेत जनता समाधान शिविर में सोमवार को 36 लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। इनमें अधिकतर फैमिली आईडी और पेंशन की रही।
जनता समाधान शिविर सोमवार को जिला सचिवालय के प्रथम तल पर लगाया गया। वहीं समालखा व इसराना में उपमंडल स्तर पर एसडीएम ने जनता समाधान शिविर में समस्याएं सुनीं। दोनों जगह एक-एक शिकायत पहुंची। जिला स्तर पर सामान्य दिनों में द्वितीय तल पर समाधान शिविर लगाया जाता था। यहां सोमवार को जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की वजह से स्थान में बदलाव किया।
वार्ड सात की निशा ने फैमिली आईडी में आय गलत दर्ज करने की शिकायत रखी। उसने बताया कि मेरी बेटी निष्ठा की आय पांच लाख दर्ज की गई है जबकि उसकी उम्र मात्र चार साल है।
आसन कलां गांव के रुकमा ने बताया कि वह बीपीएल कार्डधारक है। वह मजदूरी कर गुजर बसर चलाता है। सरकार की योजना के तहत अभी तक उन्हें किसी भी तरह की आर्थिक सहायता प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने सरकार की योजना का लाभ दिलवाने का अनुरोध किया।
अधिक समय तक ड्यूटी लेने के लगाए आरोप
सिवाह गांव के कैलाश ने कहा कि वह सुबह नौ से रात 10 बजे तक कार्य करता है जबकि लोकल कर्मचारियों से नौ से छह बजे तक कार्य लिया जाता है। उन्होंने कहा कि लेबर एक्ट के तहत उनका शोषण हो रहा है। उन्होंने न्याय दिलवाने की मांग की। उपायुक्त ने उप श्रम आयुक्त को जांच के आदेश दिए। राज नगर के समर बहादुर ने दिव्यांग पेंशन बनवाने की मांग की। बिंझौल गांव की कविता ने मकान की मरम्मत कराने की मांग की। दत्ता कॉलोनी ने सुखबीर, निर्मल सिंह, कृष्णा, करतार ने शिकायत दी कि एक व्यक्ति ने कॉलोनी में जंगली सुअर फार्म बना लिया है जिससे बच्चों में दहशत है। करहंस गांव की दर्शना ने प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम दर्ज कराने की मांग की। इस मौके पर शुगर मिल के एमडी मनदीप सिंह, डीएसपी सतीश वत्स व एलडीएम राजकुमार मौजूद रहे।