समालखा। ग्रामीणों को समझाते डीएसपी प्रदीप कुमार
- फोटो : Panipat
समालखा। गांव हथवाला में दो समुदायों के बीच चार दिन पहले हुई मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया। एक समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि उनकी लड़की के साथ एक समुदाय के युवकों ने छेड़छाड़ की और उनके खिलाफ ही पुलिस ने झूठा केस दर्ज कर लिया। उन्होंने गांव में पुलिस के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
इसकी सूचना पर डीएसपी प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों से बात की। इस दौरान युवती ने बताया कि वह अपने भाई के साथ रात को पशुबाड़े से पशुओं को चारा डालकर वापस घर आ रही थी। इसी दौरान गली में खड़े एक समुदाय के युवक गालियां देने लगे। उसके भाई ने इसका विरोध किया तो उन्होंने उसकी पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसे खींचकर अपने घर ले जाने लगे और कपड़े भी फाड़ दिए। शोर सुनकर उसका चाचा व चाची आए लेकिन आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
ग्रामीणों ने पुलिस पर मिलीभगत के आरोप लगाते हुए गांव के अड्डे पर एकत्रित होकर रोष व्यक्त किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक समुदाय के युवकों द्वारा मारपीट और छेड़छाड़ की गई। जबकि पुलिस ने उनके खिलाफ कारवाई करने की बजाए पीड़ितों के खिलाफ ही केस दर्ज कर दिया। उन्होंने पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए गृहमंत्री अनिल विज से मिलने की भी बात कही।
डीएसपी प्रदीप कुमार ने ग्रामीणों को समझाया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।