पानीपत। शहर के सेक्टर 29 पार्ट-1 और सेक्टर 25 पार्ट-2 के दिन बहुरने जा रहे हैं। यहां की वर्षों से टूटी सड़कों से उद्योगपतियों और कामगारों को निगम निजात दिलाने जा रहा है। इन दोनों सेक्टरों की चार मुख्य सड़कों को नई बनाने के लिए निगम ने 3.34 करोड़ का इस्टीमेट तैयार किया है, जिसे निकाय अधिकारियों की ओर से प्रशासकीय अनुमति भी मिल गई है। अब निगम अधिकारी इन सड़कों को टेंडर लगा रहे हैं। इसके बाद जल्द ही इनको बनाने का काम शुरू किया जाएगा और वर्षों से टूटी सड़कों की समस्या झेल रहे लाखों सेक्टरवासियों को राहत मिलेगी।
खास बात यह है कि निगम का नई सड़कों को बनाने का यह प्लान इस प्रकार बनाया गया कि सेक्टरों की मुख्य सड़कों को शहर की मुख्य सड़कों से जोड़ दिया जाए ताकि औद्योगिक नगरी में आने जाने वाले संसाधनों को परेशानी न हो। इसके अलावा इन सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इनको इस हिसाब और डिजाइन से बनाया जाएगा ताकि भारी भरकम वाहनों के गुजरने के बाद भी इन सड़कों में कोई कमी न आए।
बता दें कि अब तक इन सड़कों के हालात बेहद खस्ता हैं। इनमें बड़े-बड़े गड्ढ़े बने हुए हैं। दिनभर इन सड़कों पर धूल के गुबार उड़ते रहते हैं, जिससे सेक्टर में काम करने वाले लोग तो प्रभावित हैं ही, साथ में एनजीटी की गाइडलाइन का भी मजाक हो रहा है।
ये सड़कें इतनी लागत सें बनेंगी
सड़क नंबर 1-
निगम की ग्रामीण विधानसभा एरिया से लगते सेक्टर 25 पार्ट-2 में प्लांट नंबर 230 से लगी, प्लांट नंबर 375 मोहन मोटर्स के सामने से लेकर प्लाट नंबर 78 से 83 की ओर जाती हुई, जिसमें प्लाट नंबर 84 से लेकर 108 तक का एरिया भी शामिल रहेगा, से प्लाट नंबर 147 के सामने से ड्रेन तक जाएगी। इसमें कुछ हिस्सा प्लाट नंबर 110-ए के सामने का भी रहेगा। ये सड़क 100 एमएम मोटी एम-50 ग्रेड की इंटरलॉकिंग टाइलों से बनाई जाएगी। ये एरिया वार्ड नंबर 14 के अधीन आएगा। इसके लिए निगम ने 91.47 लाख रुपये का इस्टीमेट तैयार किया है। इसे प्रशासकीय अनुमति भी मिल गई है।
सड़क नंबर 2-
दूसरी सड़क भी वार्ड नंबर 14 के अधीन सेक्टर 25 पार्ट-2 में प्लाट नंबर 1102 से लेकर 1106 तक, प्लाट नंबर 325 से लेकर 301 तक, प्लाट नंबर 337 से लेकर 512 तक, प्लाट नंबर 358 से लेकर ड्रेन तक, प्लाट नंबर 371 से लेकर 408 तक, इसमें सेक्टर 25 का ट्यूबवेल नंबर एक का एरिया भी शामिल रहेगा। इसके अलावा प्लाट नंबर 249 से लेकर फिर ड्रेन तक बनाया जाएगा। ये सड़क भी 100 एमएम मोटी 50 ग्रेड की इंटरलॉकिंग टाइलों से बनाई जाएगी। इसके लिए निगम ने 83.43 लाख रुपये का इस्टीमेट तैयार किया है, जिसे प्रशासकीय अनुमति भी मिली है।
सड़क नंबर 3-
सेक्टर 25 पार्ट-2 में ही तीसरी सड़क प्लाट नंबर 512 से लेकर प्लाट नंबर 512 होते हुए हरिद्वार बाईपास की ओर जाएगी। यहां से हरिद्वार बाईपास के पैरलल बनाई जाएगी। इसके बाद प्लाट नंबर 479 से लेकर 276 तक, प्लाट नंबर 429 से लेकर प्लाट नंबर 443 से होते हुए 436 तक, राज टेक्सटाइल से लेकर प्लाट नंबर 337 तक और प्लाट नंबर 302 से लेकर 308 तक बनाई जाएगी। इसके लिए निगम ने 82.27 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार किया है। इसकी भी अधिकारियों को प्रशासकीय अनुमति मिल गई है।
सड़क नंबर 4-
यह सड़क सेक्टर 29 पार्ट-1 में सेक्टर 29 पुलिस चौकी से लेकर फ्लोरा चौक तक बनाई जाएगी। ये आरसीसी का पक्का रोड तैयार किया जाएगा। इसके लिए निगम ने 77.74 लाख रुपये का इस्टीमेट बनाकर प्रशासकीय अनुमति ले ली है।
जल्द लगाएंगे टेंडर
सेक्टर 25 और 29 की कुछ मुख्य सड़कें चिह्नित की गई हैं। इनके इस्टीमेट तैयार किए गए हैं, जिनको प्रशासकीय अनुमति मिल गई है। अब जल्द ही इनके टेंडर लगाकर काम शुरू करवाया जाएगा। ये सड़कें दोनों सेक्टरों के लिए सौगात होंगी।
- रमेश कुमार, एसई, नगर निगम, पानीपत।