पालिका बाजार निगम कार्यालय की हालत दयनीय हो चुकी है। छत से पानी लगातार टपकता ही रहता है। आलम ये है कि इसकी दीवारों तक में दरारें आ चुकी हैं। यहां रोजाना शहर के सैकड़ों लोग अपने काम को लेकर आते हैं। निगम कर्मचारियों से लेकर अधिकारियों तक के दफ्तर यहीं हैं। दूसरी मंजिल की छत से पानी टपकने की वजह से पहली मंजिल की छत पर पानी जमा हो चुका है। यहां पानी से होकर कार्यालय में जाना पड़ता है। कर्मचारियों की मांग पर टपकते पानी को बंद करने के लिए निगम ने एक अजीबो-गरीब खानापूर्ति की है, लेकिन निगम का ये प्रयास उनके विपरीत पड़ गया है। निगम ने पालिका बाजार स्थित निगम कार्यालय की इस इमारत की छत पर तारकोल बिछा दिया है, ताकि छत पर रखी पानी की टंकियों से निकलने वाला पानी नीचे न टपके। इसके साथ बरसात के मौसम में भी बरसाती पानी से बचा जा सके, लेकिन गर्मी ज्यादा होने की वजह से तारकोल पिघल चुका है।
पालिका बाजार कार्यालय से लेकर टैक्स ब्रांच में आने वाले कर्मचारी और अधिकारी छत के रास्ते से ही एक दूसरी इमारत में आवागमन करते हैं, ये पिघला तारकोल उनके जूतों से चिपक जाता है और पूरे निगम फर्श पर उसके निशान तक बन जाते हैं। हैरानी की बात यह है कि आज तक किसी भी निगम अधिकारी ने अब तक इस इमारत की सुध नहीं ली है। इससे इमारत के ध्वस्त होने का खतरा बन हुआ है। हालांकि निगम की ये इमारत करीब तीस साल पुरानी है। कई बार निगम जनप्रतिनिधि इसके नवनिर्माण को लेकर आवाज तो उठा चुके हैं, वहीं, पूरी इमारत के जीर्णोद्धार पर भी चर्चाएं हुई, लेकिन इसके बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका है।
इससे इस कार्यालय में काम करने वाले
फर्श पर जमा पानी, फिसलकर हुए चोटिल
पालिका बाजार की पहली मंजिल पर अधिकारियों के कार्यालय हैं। मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के भी कार्यालय यहीं हैं। जबकि दूसरी मंजिल पर सफाई कर्मचारियों व अधिकारियों के कार्यालय हैं। यहां छत से टपका पानी फर्श पर जमा हो जाता है। जिससे यहां आने जाने वाले कई बार फिसल कर चोटिल हो चुके हैं। अधिकारी ऊपर जाते नहीं, इसलिए उनको इसकी भनक तक नहीं लग पाती है।
बोले अधिकारी
इस बारे में नगर निगम आयुक्त आरके सिंह से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि वे खुद पालिका बाजार कार्यालय की इस स्थिति का जायजा लेंगे। जो भी नियमानुसार आवश्यक कदम होंगे उठाए जाएंगे।
वहीं, सीनियर डिप्टी मेयर दुष्यंत भट्ट ने बताया कि ऐसा होना खतरे से खाली नहीं है। अगर पालिका बाजार कार्यालय की छत से पानी टपकता है तो इसका निगम को जल्द से जल्द समाधान करना होगा।