पानीपत। असंध रोड पर रेल लाइन के पास दोस्तों के साथ नहर में नहाते हुए डूबे किशोर का शव सोनीपत जिले से बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। उधर किशोर की मौत के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
गंगापुरी रोड निवासी शशि कुमार ने पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके पास तीन बच्चे एक बेटी और दो बेटे हैं। छोटा बेटा गुरमीत उर्फ कालू (17) शुक्रवार 10 बजे घर से डिब्बा लेकर काम के लिए निकला था। देर शाम को पता चला था कि वह दोस्तों के साथ असंध रोड पर दिल्ली पैरलल नहर में नहाने के लिए चला गया था। इसके बाद वह नहर के तेज पानी में डूब गया था।
दोस्तों से इसकी सूचना परिजनों को दी थी। परिजन शुक्रवार से ही उसकी तलाश कर रहे थे। शनिवार को पुलिस ने भी किशोर की नहर में तलाश की थी। बताया जा रहा है कि शनिवार रात को किशोर का शव सोनीपत जिले में नहर से बरामद किया गया है। रविवार को जिला नागरिक अस्पताल में किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है। संवाद