तहसील कैंप क्षेत्र के स्कॉयलॉक मार्केट में शनिवार देर रात बाइक सवार कुछ अज्ञात युवकों ने 11 कारों में तोड़फोड़ की। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
11 कारों के तोड़े शीशे
स्थानीय लोगों के मुताबिक स्कॉयलॉक मार्केट में रहवासी अपनी कारें घरों के बाहर खड़ी करते हैं। शनिवार रात तीन बाइक सवारों पर सवार कुछ युवक आए और किसी भारी वस्तु से कारों के शीशे तोड़ने शुरू कर दिए। एक के बाद एक 11 कारों के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए गए। सुबह जब लोगों ने अपनी कारों की हालत देखी तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सामने आई सीसीटीवी फुटेज
क्षेत्रवासियों ने कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, जिसमें तीन बाइक सवार युवकों को कारों के शीशे तोड़ते हुए साफ देखा गया। फुटेज में दिख रहा है कि युवकों ने अपने चेहरे ढक रखे थे, जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत चांदनी बाग थाना पुलिस को दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। चांदनी बाग थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ कर कार्रवाई की जाएगी।