पानीपत। मौसम के साफ होते ही गेहूं कटाई कार्य तेज हो गया है। इसके साथ बुधवार को अनाज मंडी में 2100 क्विंटल गेहूं की आवक हुई। इसमें 1900 क्विंटल गेहूं को एजेंसियों ने खरीद किया है। 200 क्विंटल गेहूं की नमी के कारण नहीं खरीदा जा सका। इसमें लगभग 14 प्रतिशत नमी बताई है। प्रशासन ने किसानों से गेहूं सुखाकर लाने की अपील की है। मार्केट कमेटी सचिव आशा ने हेल्प डेस्क पर किसानों की समस्याएं भी सुनी।
30 मार्च से अब तक चार बार बेमौसम बारिश हो चुकी है। इससे गेहूं की फसल गिर गई है और दाना भी काला पड़ गया है। गेहूं में अब भी लगभग 10 प्रतिशत तक नमी है। इसलिए गेहूं की समय पर खरीद नहीं हो पा रही है।
बॉक्स
इसराना मंडी में पहुंचा 1785 क्विंटल, मिली नमी
इसराना की अनाजमंडी में पांच दिनों में 1785 क्विंटल गेहूं की आवक हुई है। बुधवार को सरकारी खरीद एजेंसी एफसीआई इसराना मंडी में पहुंची, लेकिन गेहूं में नमी के कारण खरीद नहीं हो पाई। इस बार गेहूं देरी से मंडी पहुंच रहा है। किसानों को लेबर भी नहीं मिल रही। पंजाब से आने वाली कंबाइन भी नहीं पहुंची है। कुछ किसान स्वयं फसल काटकर मंडी में ला रहे हैं। किसानों के अनुसार अगले सप्ताह तक मंडी में गेहूं की आवक तेज हो जाएगी।
1900 क्विंटल गेहूं की हुई है खरीद - सचिव
पानीपत अनाजमंडी समेत दूसरे खरीद केंद्रों से बुधवार को 1900 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है। बारिश के कारण अब भी गेहूं में नमी है। इसलिए खरीद धीमी है। अनाजमंडी में किसानों के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है।
आशा, सचिव मार्केट कमेटी, पानीपत।