पानीपत। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने सोमवार को होने वाली प्लॉट की बोली में प्लॉट की संख्या कम कर दी है। विभाग ने पहले 87 प्लॉट बेचने का नोटिस जारी किया था, बाद में इसको 64 कर दिया गया। सोमवार सुबह सात सेक्टरों के इन 64 प्लॉट की बोली की जाएगी। बोली सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक होगी। सबसे अधिक 31 प्लॉट सेक्टर 13 के बेचे जाएंगे। लोगों की पहली पसंद भी सेक्टर 13 ही है, क्योंकि यहां मूलभूत सुविधाएं अच्छी है।
डेढ़ साल में लगभग 150 प्लॉट बेचकर 300 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। मार्च तक विभाग का लक्ष्य 700 करोड़ रुपये और कमाने का है। विभाग को मार्च तक 1050.88 करोड़ रुपये की भूमि बेचने का लक्ष्य मिला है। विभाग को सात सेक्टरों में 450 प्लॉट की बोली लगानी है। विभाग के अधिकारी बड़ी व्यावसायिक साइट की बोली के लिए निवेशकों से भी संपर्क कर रहे हैं।
सोमवार को विभाग की ओर से प्लॉटों की मेगा बोली होगी। इन डेढ़ साल में पहली बार एक ही दिन में सात रिहायशी सेक्टर में 64 प्लॉटों की बोली होगी। इसमें दो मरला (65.77 वर्ग गज) से लेकर एक कनाल (605 वर्ग गज) के प्लॉट हैं। विभाग का लक्ष्य 9.35 करोड़ रुपये कमाने का है। एचएसवीपी मामलों के एक्सपर्ट अमित कुमार राठी का कहना है कि विभाग इन प्लॉट को बेचकर 20 करोड़ रुपये तक कमा सकता है। लोग लॉकडाउन व कोरोना से उभरने के बाद प्लॉट बोली में काफी रुचि दिखा रहे हैं।
निगम और एचएसआईआईडीसी में गए सेक्टर, इसलिए स्थिति हुई खराब
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की आर्थिक स्थिति खराब है, क्योंकि एचएसआईआईडीसी के पुराने सेक्टर नगर निगम के अंतर्गत आ चुके हैं, जो पुराने इंडस्ट्रियल सेक्टर हैं, वे एचएसआईआईडी के अंतर्गत आ चुके हैं। इसलिए एचएसवीपी के हालात खराब हो गए। इनके अलावा अवैध कब्जाधारी भी विभाग के लिए बड़ी मुसीबत हैं। अब विभाग का प्रयास है कि प्लॉट को बेचकर विभाग का रिवन्यू पूरा किया जा सके।
इन सेक्टर में इतने प्लॉट की होगी बोली-
सेक्टर-13 में सबसे अधिक 31 प्लॉट, सेक्टर-18 में 10 और सेक्टर-12 में 4 प्लॉटों की होगी बोली। इसी तरह से सेक्टर-25 पार्ट-2 में 8, सेक्टर-17 में 7, सेक्टर-24 में 2 और सेक्टर-11 में 2 प्लॉटों की होगी ई-बोली।
सेक्टर को आबाद करने का प्रयास
सेक्टर में काफी प्लॉट खाली पड़े हैं। अधिक से अधिक प्लॉट की बोली कर सेक्टर को आबाद करने का प्रयास है। सोमवार सुबह ऑनलाइन बोली होगी। 7 सेक्टर में 64 प्लॉट की बोली की जाएगी। - अनुपनमा मलिक, संपदा अधिकारी, एचएसवीपी