इस सीजन में भी जिले के किसानों को पुराने शुगर मिल में गन्ने की पिराई करानी होगी। 60 साल पुराने शुगर मिल की पुरानी मशीनों से 60 लाख गन्ने की पिराई का लक्ष्य रखा गया है। सरकार की ओर पुराने शुगर मिल में 65वें पिराई सत्र का शुभारंभ हवन से किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सहकारिता मंत्री बनवारी लाल ने हवन में आहुति डाली। इस दौरान किसानों ने मंत्री से मांग की है कि पिराई सत्र में किसी प्रकार की कोई परेशानी न आए, जिससे उन्हें पिराई के लिए बाहर न जाना पड़े। इसलिए व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। मंत्री बनवारी लाल ने किसानों को आश्वासन दिया है कि पिराई सत्र में किसी प्रकार का विलंब नहीं होगा।
उन्होंने किसानों से कहा कि 5 जुलाई से पहले का बकाया भुगतान गन्ना किसानों को कर दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को भुगतान करने में देरी नहीं हो। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को वर्ष 2021-22 के लिए गन्ने का भाव पड़ोसी राज्यों से अच्छा दिया जा रहा है। पिछले सीजन में सरकार ने गन्ने की अगेती किस्म के लिए 362 रुपये प्रति क्विंटल और मध्यम एवं पछेती किस्म के लिए 355 रुपये प्रति क्विंटल की दर निर्धारित की थी। जिससे किसानों को तीन हजार से चार हजार रुपये प्रति एकड़ की अतिरिक्त आमदनी हुई थी। जजपा नेता देवेंद्र कादियान ने मंच से शुगर मिल को जल्द शुरू करने की मांग की। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, हरपाल ढांडा, मेघराज गुप्ता, डीसी सुशील सारवान, एडीसी वीना हुड्डा, जिला परिषद के सीईओ विवेव चौधरी, सीटीएम रविंद्र मलिक व डीटीओ सुशील कुमार मौजूद रहे।
- सबसे पहले मिल में गन्ना लाने वाले किसानों को किया सम्मानित-
सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने मिल में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर ट्रैक्टर-ट्राली से गन्ना लाने पर बिहौली के नरेंद्र सिंह, बिहौली के ही विरेद्र सिंह, गांव भाऊपुर के सतनारायण को सम्मानित किया। झोटा बग्गी से सबसे पहले गन्ना लाने पर गांव नारायणा के सतपाल सिंह और ट्रक से गन्ना लाने पर हथवाला के वादिल को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने शुगर मिल के एई रवि मान, फीटर रमेश प्रसाद, अटेंडेंट आदेश कुमार व राजकुमार, टर्बाइन ऑपरेटर कर्ण सिंह, टर्नर राजबीर कुंडू और दैनिक वेतन भोगी रामचंद्र को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया।