पानीपत। सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं दो टर्म में होगी। पहली टर्म की परीक्षाएं नवंबर-दिसंबर में हो चुकी है और दूसरे टर्म की परीक्षा तिथि की घोषणा बुधवार नौ फरवरी को बोर्ड ने कर दी है। बोर्ड द्वारा जारी निर्देश के अनुसार दूसरे टर्म की परीक्षा 26 अप्रैल से होगी। परीक्षा तिथि की घोषणा होते ही बोर्ड परीक्षार्थियों की चिंता बढ़ गई है। कोरोना काल में स्कूल ऑनलाइन और ऑफलाइन मोड में संचालित होने के बावजूद जिले के लगभग सभी स्कूलों में सिलेबस पूरा करवाया जा चुका है। बोर्ड परीक्षार्थियों के प्री-बोर्ड भी एक सप्ताह बाद शुरू होने वाले है। परीक्षार्थियों को डर है कि वे रिवीजन नहीं कर पाएंगे तो परीक्षा में नंबर कम आएंगे।
वहीं, सीबीएसई स्कूलों में टर्म-1 की परीक्षाओं के बाद दूसरे टर्म की परीक्षाओं को लेकर सीबीएसई स्कूल गंभीर बने हुए हैं। सीबीएसई स्कूलों द्वारा अब प्री-बोर्ड परीक्षाएं लिए जाने की तैयारी की जा रही है। सीबीएसई द्वारा मार्च के शुरूआत तक प्रैक्टिकल परीक्षाएं शुरू होनी की उम्मीद है। ऐसे में सीबीएसई स्कूलों की प्रैक्टिकल से पहले प्री-बोर्ड परीक्षाएं लेने की योजना है। अब विद्यार्थियों के सामने दुविधा है कि परीक्षाएं सिर पर आती जा रही हैं लेकिन पहले टर्म का परिणाम अभी तक नहीं मिला हे।
प्रैक्टिकल का मोड तय नहीं होने से असमंजस में स्कूल
बोर्ड के सर्कुलर के अनुसार स्कूलों में प्रैक्टिकल फरवरी के अंत या मार्च की शुरूआत में कराए जाएंगे। प्रैक्टिकल को लेकर तिथि और आयोजन का मोड सार्वजनिक न होने से स्कूल प्रबंधन असमंजस में पड़े हुए है। प्रैक्टिकल के 20 से 30 अंक फाइनल में जुड़ेंगे। बोर्ड से निर्देश आने के बाद आयोजन और मोड परीक्षार्थियों को बताए जाने की बात प्रबंधन के अधिकारी कह रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कोरोना की वर्तमान स्थिति को देखते हुए परीक्षा और प्रैक्टिकल ऑफलाइन मोड में आयोजित होगी लेकिन छात्रों के लिए निर्देश बोर्ड का निर्देश आने के बाद ही जारी किया जाएगा। प्रदेश में स्कूल एक फरवरी से खोले जा चुके हैं। ऐसे में ऑफलाइन मोड में प्रैक्टिकल लिए जाने की संभावना ज्यादा नजर आ रही है।
परीक्षा परिणाम पोर्टल पर अपलोड की जगह सीधा स्कूल को भेजने की संभावना
पहले टर्म में बोर्ड परीक्षाओं के निर्णय के बाद यह भी कहा गया था कि परिणाम जनवरी के पहले हफ्ते में घोषित कर दिए जाएंगे। लेकिन अब तक कोई सूचना बोर्ड की तरफ से नहीं आई है। अब परीक्षा परिणाम पोर्टल पर अपलोड करने की जगह स्कूल को सीधा भेजने की भी संभावना जताई जा रही है। टर्म-वन ऑब्जेक्टिव था, ऐसे में रि-वैल्युएशन का ऑप्शन न के बराबर होगा।
जिले के विभिन्न सीबीएसई स्कूलों में प्री-बोर्ड परीक्षाएं अगले सप्ताह से शुरू की जा सकती है। बोर्ड द्वारा प्रैक्टिकल की तिथि अभी घोषित नहीं हुई है लेकिन फरवरी के अंत या मार्च के शुरूआत में प्रैक्टिकल लेने की संभावना है। सीबीएसई स्कूल प्रैक्टिकल से पहले प्री-बोर्ड परीक्षा लेने के पक्ष में हैं। उसके बाद रिवीजन करवाया जाएगा।
- विनीता तोमर, जिला को-ऑर्डिनेटर, सीबीएसई, पानीपत।