पानीपत। गांव डाहर में स्थित नई शुगर मिल में 16 से शुरू होने वाली गन्ने की पराई से पहले हवन करते हुए।
- फोटो : Panipat
पानीपत। होली से पहले जिले भर के गन्ना उत्पादक किसानों को गांव डाहर स्थित 75 एकड़ में फैली 350 करोड़ रुपये की लागत की नई शुगर मिल का तोहफा मिलने जा रहा है। इसके निर्माण कार्य और तकरीबन मशीनरी के ट्रायल भी पूरे हो चुके हैं। अब 16 मार्च को उपायुक्त प्रदेश की सबसे बड़ी मिल का शुभारंभ करेंगे। बुधवार को नई मिल में हवन किया गया। साथ ही हनुमान मंदिर की स्थापना कर भंडारा भी लगाया गया।
मिल के महाप्रबंधक नवदीप सिंह ने बताया कि मिल हाउस एक्टीवेट किया जा चुका है। स्टीम ब्लोइंगहाउस में वाटर ट्रायल भी पूरा कर लिया गया है। इसका ट्रायल पानी के साथ किया गया है जबकि आम तौर पर इसे गन्ने के रस के साथ किया जाता है। स्टीम बनाने के लिए मिल में 62 स्टीम ब्लोअर लगवाए गए हैं। एक ब्लोअर की लागत करीब 1.10 लाख रुपये है।
तीन दिन चलेगी टर्बाइन
अब तीन दिन तक भाप से टर्बाइन को चलाया जाएगा। इससे हर घंटे 28 मेगावाट की बिजली का उत्पादन करेगी। इसमें सात मेगावाट बिजली मिल को चलाने में ही इस्तेमाल की जाएगी बाकी बिजली पांच रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बेची जाएगी। इससे मिल को आर्थिक लाभ भी मिलेगा। इसके अलावा इसका बॉयलर नई अत्याधुनिक मशीनों से बनाया गया है, जो प्रदूषण मुक्त होगा। इससे राख तक भी नहीं निकल पाएगी।
31 मई तक चलेगी पेराई
मिल प्रबंधन अनुसार, ये मिल 16 मार्च से शुरू हो जाएगी। इसमें 31 मई तक पेराई होगी। इस सीजन में इस मिल से करीब 35 लाख क्विंटल गन्ने और अगले सीजन में एक करोड़ क्विंटल गन्ने की पेराई करवाने की संभावनाएं हैं। मिल की क्षमता 50 हजार क्विंटल प्रतिदिन और 15 लाख क्विंटल प्रतिमाह गन्ना पेराई की है। यहां चार लाख क्विंटल चीनी स्टॉक के लिए बनाए दो गोदाम बनाए गए हैं। हर गोदाम दो लाख क्विंटल चीनी का है।
किसानों में पहले गन्ना लाने की होड़
नया मिल 16 मार्च से शुरू होगा। उपायुक्त इसका शुभारंग करेंगे। लेकिन अभी से कई किसान मिल में गन्ना लेकर पहुंच रहे हैं। किसानों का कहना है कि मिल में सबसे पहले उनका गन्ना पेराई होगा। अब एक सप्ताह पहले आया गन्ना सूख जाएगा। इसकी पेराई नहीं होगी। इसलिए किसानों को अभी गन्ना लाने के लिए मना किया जा रहा है। 16 मार्च से ही गन्ना मंगवाया जाएगा। - नवदीप सिंह, एमडी, शुगर मिल पानीपत
पानीपत। नई शुगर मिल में लगाया गया भंडारा।- फोटो : Panipat